मुजफ्फरनगर। जिला अस्पताल के अहिल्याबाई चौक पर तत्कालीन चेयरमैन की पहल पर शिवभक्तों को अनोखे अंदाज में स्वागत करने की पवित्र मंशा से बनाए फव्वारें के साथ विदेशी फाउंटेन और रंगीन रोशनी समय के साथ दम तोड़ गए। बीते दिनों कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करने निकली चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने जब चौक के हालात देखे तो उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्था सुचारू किए जाने के निर्देश दिए। सोमवार सायं को उक्त फव्वारा शुरू होने से चौक की स्थिति पूरी तरह बदल गई।
आदर्श श्रेणी के चौक में शुमार अहिल्याबाई चौराहों का सोमवार सायं को फिर से संचालन हो जाने से यहां से गुजरने वाले लोगों के साथ शिवभक्तों को अलग शकुन देगा। पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप की पहल पर फिर से सुधरी व्यवस्था से लंबे समय से बंद पड़ा अहिल्याबाई चौक का फव्वारा फिर से शुरू होने से यहां से गुजरने वाले शिवभक्तों को अलग नजारा दिखाई देगा। स्थानीय जनता ने चेयरपर्सन द्वारा उठाए निर्णय की प्रशंसा करते हुए दावा किया कि यहां से गुजरने वाले शिवभक्तों के लिए फव्वारा सौंदर्य का प्रतीक साबित होगा, जो शिवभक्तों को अनोखे अंदाज में स्वागत करेगा।
बता दें, अहिल्याबाई चौक पर शानदार फव्वारे के साथ ही पालिका द्वारा विदेशी फाउंटेन व रंगीन रोशनी से चौक को सजाया गया था। हरियाली के साथ चौक के निकट नागरिकों के बैठने की व्यवस्था की गई थी, वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस चौकी की सथापना के साथ इस चौक पर लगने वाले पौधों और फूल-पत्तियों में पानी देने के लिए अलग से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के बजाए पालिका की भूमिगत पाइप लाइन से इसका कनेक्शन जोड़ा गया था, ताकि जरुरत होने पर इसी लाइन से पानी दिया जा सके। वहीं फव्वारों को पालिका प्रशासन रिमोट से कंट्रोल किए जाने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन समय के साथ सब कुछ समाप्त होता चला गया, जिसमें अब फिर से जान पड़ने की आस जगी है।






