मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। डीएम उमेश मिश्रा ने सदर तहसील में संपन्न संपूर्ण समाधान दिवस के बाद उप जिलाधिकारी कार्यालय/न्यायालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संग्रह अनुभाग में कार्य संतोषजनक पाए जाने के साथ राजस्व निरीक्षक कार्यालय, भूलेख अभिलेखागार के बस्तों में रखे अभिलेखों का निरीक्षण किया, जिसमें रखे हुए सभी अभिलेख-बस्ता सूची के अनुसार मिले। न्यायालय से प्राप्त परवाना अमलदरामद के संबंध में आर 6 पंजिका में अमलदरामद की प्रविष्टियों को देखा गया तथा न्यायालय से प्राप्त होने वाले परवाना अमलदरामद की शीघ्र अभिलेखों की प्रविष्टि करने के उन्होंने संबंधित को निर्देश दिए।
डीएम उमेश मिश्रा ने एसडीएम सदर न्यायालय का निरीक्षण करते हुए न्यायालय तहसीलदार की निस्तारित पत्रावलियों का अवलोकन किया जिसमें पाया कि तहसीलदार सदर द्वारा बैनामा से पंजीकृत पत्रावलियों को उभय पक्षों की अनुपस्थिति में अदम पैरवी में खारिज किया जा रहा है जिसमें डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि बैनामा से प्राप्त हुई वाद पत्रावलियों का अदम परैवी में खारिज न किया जाए। इस दौरान एसडीएम सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी, तहसीलदार सदर राधेश्याम गौड़ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






