मुजफ्फरनगर। योगी सरकार में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने त्यौहारी सीजन के बीच रविवार को करवा चौथ पर्व पर लायंस क्लब उन्नति के साड़ी वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहते हुए कांशीराम आवासीय कालोनी में निवास कर रही सुहागिन महिलाओं को साड़ी व श्रृंगार सामग्री का वितरण करते हुए उन्हें बधाई दी।
लायंस क्लब उन्नति की ओर से रविवार को आवास विकास कांशीराम कालोनी स्थित शिव मंदिर में नि:शुल्क साड़ी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल का क्लब के अध्यक्ष सीए मनीष मित्तल ने स्वागत किया। कार्यक्रम में इस दौरान कांशीराम आवासीय कालोनी में अपने परिवारों के साथ रह रही महिलाओं को क्लब द्वारा साड़ी व श्रृंगार सामग्री का वितरण किया गया। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि आज सौभाग्यवती होने के आशीर्वाद का पर्व करवा चौथ है और ऐसे में लायंस क्लब उन्नति ने पात्र महिलाओं को साड़ी वितरण करके सराहनीय पहल की है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं अपने पति के दीघार्यु होने और स्वस्थ व संपन्न जीवन की मंगल कामना के लिए व्रत करेंगी, पूजा करेंगी, लेकिन ऐसे में हमें उन साहसी सिपाहियों को याद करना चाहिए जो देश की सेवा और सुरक्षा के लिए अपने घर और परिवार को छोड़कर सीमाओं पर तैनात हैं। उन्होंने युवाओं से भी आह्वान किया कि वो देश के लिए अपना योगदान देने के लिए आगे आयें। इस दौरान अजय अग्रवाल, रीना अग्रवाल, अतुल ऐरन, नरेश शर्मा, ममता अग्रवाल, मनीष बंसल, अमित मित्तल, अनुज मित्तल सहित अन्य पदाधिकारी और अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।






