मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अप्रैल माह में संचालित होने वाले “संचारी रोग नियंत्रण अभियान” का विधिवत शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर जन जागरूकता हेतु रिक्शा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो विभिन्न क्षेत्रों में जाकर आमजन को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि यह अभियान 1 से 30 अप्रैल तक पूरे जनपद में चलाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर जाकर सर्वेक्षण, साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, मच्छरजनित रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस एवं अन्य संचारी रोगों से बचाव के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए लोगों को अपने घरों एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, पानी जमा न होने देने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विक्रांत तेवतिया, जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह एवं डॉ. शमशेर आलम सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ज्ञान को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही सच्चा पुरुषार्थ : मोहन भागवत
मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। देवभूमि शुकतीर्थ स्थित महर्षि शुकदेव आश्रम में वीतराग स्वामी कल्याण देव जी की पुस्तक ‘अभिनंदन’ के द्वितीय संस्करण के विमोचन हेतु राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी प्रवास पर पधारे। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी ओमानंद जी महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर भागवतनगरी शुक्रताल एवं शुकतीर्थ ट्रस्ट






