मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। देवभूमि शुकतीर्थ स्थित महर्षि शुकदेव आश्रम में वीतराग स्वामी कल्याण देव जी की पुस्तक ‘अभिनंदन’ के द्वितीय संस्करण के विमोचन हेतु राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी प्रवास पर पधारे। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी ओमानंद जी महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर भागवतनगरी शुक्रताल एवं शुकतीर्थ ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। वीतराग स्वामी कल्याण देव जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने बताया कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में लगभग 300 शिक्षण संस्थाओं की स्थापना की। स्वामी कल्याण देव जी सन् 1945 से शुकतीर्थ आने लगे थे और उन्होंने इस क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पुस्तक का विमोचन करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत जी ने कहा कि इस सभागार में मुझसे अधिक श्रेष्ठ ज्ञान रखने वाले साधु-संत एवं ज्ञानीजन उपस्थित हैं। उन्होंने कहा कि संपूर्ण विश्व का भ्रमण कर मैंने यह पाया कि अन्य सभ्यताएँ और संस्कृतियाँ अपना अधिकतम योगदान संसार को दे चुकी हैं, जबकि भारत के पास भारतीय संस्कृति के माध्यम से विश्व को देने के लिए अभी बहुत कुछ शेष है। इसलिए संपूर्ण विश्व के कल्याण के लिए भारतीय संस्कृति को आधार बनाकर जीवनयापन करना होगा और विश्व यह समझने भी लगा है।
उन्होंने कहा कि यदि हम संसार से ज्ञान माँगने लगते हैं, तो अनेक लोग ज्ञान देने के लिए तत्पर हो जाते हैं, लेकिन ज्ञान देने का स्तर हर व्यक्ति का एक जैसा नहीं होता। उन्होंने देवताओं और राक्षसों के बीच का अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि ‘राक्षस’ का अर्थ भी रक्षा करने वाला होता है, परंतु जो केवल अपने हित, अपनी रक्षा और अपनी बात मानने वालों के लिए कार्य करे, वह राक्षस कहलाता है; वहीं जो परोपकार और सबके हित की भावना से पूरे समाज की रक्षा करता है, वह देवता कहलाता है। मोहन भागवत जी ने कहा कि हमारे देश के ऋषि-मुनियों ने घोर तपस्या कर ज्ञान प्राप्त किया और उस ज्ञान को लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाए। परोपकार, मानवीय संवेदनाएँ तथा परिवार और समाज के प्रति करुणा—यह सब हमारे ऋषि-मुनियों द्वारा दिया गया ज्ञान है। इसके विपरीत पाश्चात्य जगत का ज्ञान समाज के अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुँच पाता, बल्कि विद्वतजनों तक ही सीमित रह जाता है; जैसे किसी रोग का उपचार केवल चिकित्सक ही बता सके और सामान्य जन तक बात न पहुँचे। समाज के कल्याण के लिए अभी अथक परिश्रम की आवश्यकता है। ज्ञान अर्जित कर उसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए और यही सच्चा पुरुषार्थ है।
उन्होंने कहा कि एकांत में साधना करें और लोक/समाज में परोपकार करें, यही भारतीय नीति है। हमारे तीर्थ और मंदिर साधु-संन्यासियों द्वारा स्थापित किए गए हैं। ऐसे स्थानों पर जाकर लोग अनुभव करते हैं कि वहाँ का वातावरण अत्यंत सकारात्मक और ऊर्जावान है, क्योंकि वहाँ निरंतर होने वाली तपस्या से वातावरण शुद्ध और ऊर्जावान हो जाता है। ऐसी ही तपस्या वीतराग स्वामी कल्याण देव जी महाराज ने यहाँ रहकर की है। जो लोग तीर्थाटन और धर्म कार्यों को पुराना या अप्रासंगिक मानते हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि आगे ऐसा समय आएगा जब उन्हें इस संस्कृति और सभ्यता को स्वीकार करना ही पड़ेगा। उन्होंने स्वामी ओमानंद जी महाराज द्वारा किए गए स्वागत के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में शुक्रताल के अधिकांश आश्रमों के अध्यक्ष, साधु-संत तथा संघ के कार्यकर्ताओं में कविश, सतीश, श्रीराम आश्रम से विनोद शर्मा, जिला प्रचारक टीकम सिंह, प्रांत प्रचारक अनिल कुमार, क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, धर्म जागरण विभाग के प्रचारक ईश्वर दयाल, विभाग प्रचारक भूपेंद्र कुमार, विभाग कार्यवाह बृजेश कुमार, विभाग संघ चालक प्रमोद कुमार, जिला कार्यवाह संजय लखान, सतीश कुमार एवं जिला संघ चालक डॉ. तेजवीर सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।







