सिसौली/मुजफ्फरनगर। भाकियू मुख्यालय सिसौली स्थित किसान भवन में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन की आयोजित मासिक पंचायत में आज क्षेत्रीय किसानों ने हिस्सा लिया और केन्द्र व राज्य सरकार की गलत नीतियों को लेकर सभी वक्ताओं ने विस्तार से चर्चा करते हुए भावी रणनीति पर विचार मंथन किया।
सिसौली किसान भवन में संपन्न मासिक किसान पंचायत को संबोधित करते हुए भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार आज फसल के भाव ना देकर वास्तव में एक सोची समझी रणनीति के तहत किसान को कर्ज लेने पर मजबूर कर रही है। वहीं दूसरी ओर कर्ज में दबा किसान आज समुचित आमदनी न होने के अभाव में आत्महत्या करने पर मजबूर हो रहा है। ऐसे में हम सभी को संगठित होकर इस लड़ाई को लड़ना होगा। उन्होंने किसान भवन से स्पष्ट रूप से किसानों को चेताया कि आने वाले समय में देश के किसान के सामने अनेकों चुनौतियां आने वाली है, जिनका पूर्ण मनोयोग के साथ डटकर मुकाबला करना होगा। किसान भवन में संपन्न हुई मासिक पंचायत की अध्यक्षता गठवाला खाप हसनपुर थाबेदार संजीव मलिक एवं संचालन जिला मीडिया प्रभारी चौ. शक्ति सिंह ने किया। इस पंचायत में बतीसा खाप, बुढ़ियान खाप जावला, राठी खाप, लाठियान खाप के चौधरी और थाबेदार मौजूद रहे साथ में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारी मौजूद रहे।







