मुजफ्फरनगर। पालिका को स्वच्छता के पैमाने पर नई पहचान दिलाने के लिए बीते एक वर्ष में चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के मार्गदर्शन में सफाई व संसाधन विकसित करने के लिए किए कार्यों की उपलब्धि के सहारे स्वच्छता सर्वेक्षण में ऊंची छलांग लगाने के लिए कमर कसी है। पालिका ईओ ने इसमें पालिका के स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के साथ ही टीमों को धरातल पर सक्रिय रहने की नसीहत दी है। सर्वेक्षण कार्य पूर्ण होने तक सफाई कर्मचारियों का मंगलवार अवकाश भी निरस्त कर दिया है। वहीं जनता के फीड बैक से धरातल पर हुए कार्यों को फिर परखते हुए अपनी तैयारी करने के लिए अफसरों और टीमों को संवेदनशील होकर जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 के लिए व्यवस्था की कसौटी पर नगरीय निकायों के दावों को धरातल पर विशेषज्ञ टीमों के साथ परखने का काम शुरू हो गया है। नगरीय क्षेत्र में एसबीएम से आई टीमों ने स्थलीय निरीक्षण का कार्य शुरू कर दिया है। ऐसे में नगरपालिका में टीम कभी भी पहुंच सकती है। इसके लिए पालिका प्रशासन ने अपने काम को दावों से निकाल कर धरातल पर प्रदर्शित करते हुए नगर क्षेत्र को स्वच्छता में नई पहचान दिलाने में सक्रियता दिखाई है। सोमवार को पालिका ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों और स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 से जुड़ी टीमों के कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीते 1 वर्ष में सफाई व्यवस्था में अनेक उपलब्धियों के साथ काम किया है और शहरवासियों की सुविधाएं विकसित की गई है। इनका प्रचार-प्रसार सही तरह से किए जाने के साथ व्यवस्थाओं का परीक्षण करते हुए सुलभ और सुगम संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमें केवल रैंकिंग में कुछ नम्बरों का पायदान चढ़ने तक निर्भर नहीं रहना, बल्कि इसी वर्ष अपनी पालिका को प्रदेश में नम्बर वन बनाने की सोच के साथ मिलकर एक टीम वर्क के साथ काम करना है। इसके लिए जो दायित्व जिसे मिले हंै, वो आज से ही उसको शत प्रतिशत लक्ष्य के साथ पूर्ण करने के प्रयास में जुट जाये।
ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 में एसबीएम से टीम जनपद में सभी दस नगरीय निकायों के कार्यों व दावों का भौतिक सत्यापन करने के लिए पहुंच, चरथावल निकाय का भ्रमण टीम कर रही है। टीम को 31 मार्च तक सभी निकायों का निरीक्षण करते हुए कार्यों को लेकर अपनी रिपोर्ट एसबीएम को भेजनी है। ऐसे में शहर में किसी भी दिन टीम का औचक निरीक्षण हो सकता है। इस संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के अफसरों और अन्य टीमों के साथ समीक्षा करते हुए उन्हें अलर्ट मोड़ पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को सफाई कार्य का अवकाश रहता है, लेकिन स्वच्छता सर्वेक्षण को दृष्टिगत रखते हुए सफाई नायकों व सफाईकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश निरस्त किया है। सभी से सहयोग की अपेक्षा की गई है, ताकि हम इस बार अपने शहर को स्वच्छता के पैमाने पर एक यादगार उपलब्धि दिलाने में सफल हो सकें।






