मुजफ्फरनगर। डीएम उमेश मिश्रा के निर्देश पर बुधवार को राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) आर्यपुरी में प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। जिले में जारी अत्यधिक सर्दी के दृष्टिगत प्रबंधन समिति द्वारा राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण करते हुए संस्था में निरुद्ध किशोरों को सर्दी से बचाव के लिए कंबल, गर्म चादर, स्वेटर और हाथों के दस्ताने आदि की उचित व्यवस्था पाई गई।
अत्यधिक सर्द मौसम को देखते हुए प्रबंधन समिति के सदस्यों ने संस्था प्रभारी को निर्देश दिए कि कमरों के सामने बरामदों को पूर्ण रूप से कवर किया जाए। संस्था में निरुद्ध किशोरों से उनकी समस्या एवं सुझावों पर चर्चा की गई। बैठक में प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार, संस्था प्रभारी मोहित कुमार, प्रबंधन समिति सदस्य डॉ. राजीव कुमार, मंजू शर्मा सदस्य किशोर न्याय बोर्ड, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी हेमलता एवं मनोज कुमार ने प्रतिभाग किया। प्रबंधन समिति की बैठक में राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) में निरुद्ध किशोरों हेतु उपलब्ध सुविधाओं जैसे शिक्षा, चिकित्सा एवं भोजन, वस्त्र व अन्य जरुरतों और उनके सर्वांगीण विकास हेतु विचार विमर्श किया गया।






