मुजफ्फरनगर। श्री दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र वहलना में रविवार को आगामी 2 अक्टूबर को होने वाली वार्षिक रथ यात्रा व मेला आयोजन की तैयारियों को लेकर प्रबंध समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में समिति द्वारा नियुक्त कार्यक्रम संयोजकों को रथयात्रा व मेले को ऐतिहासिक व भव्यता देने के लिए सभी को जिम्मेदारियां सौंपी।
श्री दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र वहलना की प्रबंध समिति के अध्यक्ष राजेश जैन ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अतिशय क्षेत्र वहलना में वार्षिक उत्सव, रथयात्रा व मेला आगामी 2 अक्टूबर बुधवार को धूमधाम के साथ मनाया जायेगा। बैठक में वार्षिक उत्सव से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा के बीच सकल जैन समाज के भरपूर सहयोग से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान पारसनाथ की रथयात्रा को ऐतिहासिक बनाएंगे। बैठक में बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए समुचित व्यवस्था क्षेत्र पर की गई। मेले में जिला प्रशासन का सहयोग भी प्रतिवर्ष की भांति मिल रहा है, जिसके हम आभारी है। बैठक में सर्व सम्मति से रोहित जैन को प्रबंध समिति में मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। रोहित जैन कई वर्षो से जैन समाज की सेवा में अग्रणी रहे हंै तथा अनेकों समाजसेवी संस्थाओं से जुड़े है। वर्तमान में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा में जिला महामंत्री भी है।






