हरिद्वार (रिपोर्टर)। उत्तराखंड के मीडियाकर्मियों की प्रमुख राज्य स्तरीय पंजीकृत संस्था ‘नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स’ की हरिद्वार जनपद इकाई की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह सिद्धू और कुशल संचालन जिला महासचिव नवीन चंद्र पांडे द्वारा किया गया। बैठक में यूनियन की आगामी कार्य योजनाओं का खाका तैयार करते हुए संगठन के विस्तार पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान सभी पत्रकार साथियों ने संगठन की एकता, सशक्तीकरण और मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का दृढ़ संकल्प लिया। पत्रकारों के हित में दो बड़े फैसले लेते हुए, जिला स्तर पर संगठन का बैंक खाता खोलने और किसी भी सदस्य के गंभीर रूप से अस्वस्थ होने पर विशेष परिस्थितियों में संगठन स्तर पर त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर गंभीर मंथन किया गया। इसके अतिरिक्त, सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए संगठन ने आगामी लोकपर्व हरेला पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने का भी निर्णय लिया।इस अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार पाल ने संगठन की मजबूती और पत्रकारों की एकजुटता पर विशेष बल दिया। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार सूर्या सिंह राणा, गणेश भट्ट, प्रभाष भटनागर, धीरेंद्र सिंह रावत, धर्मेंद्र कुमार, मुदस्सिर मसूरी, भगवती प्रसाद गोयल और त्रिलोक चंद्र भट्ट सहित कई गणमान्य मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

अपनी बदहाली पर आंसू बहाने को विवश विकास भवन के पड़ोस में बसा रोशनाबाद
हरिद्वार (संतोष कुमार)। विकास भवन से चंद कदमों की दूरी पर स्थित ग्राम सभा सलेमपुर के गांव रोशनाबाद की स्थिति विकास के दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। गांव की अधिकांश सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।





