मुजफ्फरनगर। जम्मू-कश्मीर के रियासी में शिवखोरी जा रही तीर्थयात्रियों की बस रविवार को खाई में गिर गई है। इस घटना में करीब 10 लोगों की मौत हो गई है। इतना ही नहीं, अधिकारियों ने शुरुआती रिपोर्टों का हवाला देते हुए बताया कि शिवखोरी मंदिर जा रही तीर्थयात्रियों की बस पर पोनी इलाके के तेरयाथ गांव में आतंकी हमला हुआ।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों की टीम भी मौके पर पहुंच गए। लोगों का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मौके से कई गोलियां भी बरामद हो गई हैं। इसके मद्देनजर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शिवखोड़ी धार्मिक स्थल से दर्शन करके लौट रहे यात्रियों की बस पर आतंकियों ने घात लगाकर हमला बोला है। आतंकियों की गोलीबारी के बाद ही बस दुर्घटना का शिकार हुई और खाई में जाकर गिर गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है। डीसी रियासी ने इस बात की पुष्टि कर दी है।हादसे का वीडियो सामने आया है और उसमें दिख रहा है कि बस सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई है। जैसे ही बस घाटी में गिरी, यात्री बाहर छिटक गए और चट्टानों से टकरा गए। मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं।
कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश के हाथरस से आ रही एक बस के अखनूर में गहरी खाई में गिरने से नौ महिलाओं और दो बच्चों समेत 22 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और 57 घायल हो गए थे। वहीं, पिछले साल नवंबर में डोडा जिले में एक बस के पहाड़ से 300 फीट नीचे गिरकर दूसरी सड़क पर गिर जाने से 39 यात्रियों की मौत हो गई और 17 घायल हो गए।






