मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। मुज़फ्फरनगर के थाना खालापार में अंतर्राराष्ट्रीय निवेश कराकर ठगी करने वाले चर्चित युवक लविश चौधरी के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर धोखाधडी की रिपोर्ट दर्ज कराई गयी है। उक्त आरोपी लविश ने 18 लोगों से क्यूएफएक्स ट्रेडिंग कम्पनी में निवेश का झांसा देकर लगभग 60 लाख रुपए की ठगी की थी। आरोपी ने उन्हें प्रतिमाह पांच प्रतिशत कमाई का लालच देकर निवेश कराया। अब पुलिस ने इस मामले की जांच शुरु कर दी है।
मुजफ्फरनगर के मौहल्ला खालापार निवासी शिक्षक दीन मोहम्मद ने कोर्ट के आदेश पर जनपद खतौली निवासी लविश चौधरी उर्फ नवाब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि आरोपी ने वर्ष 2021 में क्यूएफएक्स ट्रेड लिमिटेड नाम से कंपनी संचालित की थी। कंपनी का कार्यालय अमृतसर, पंजाब में बताया गया। जिसमें देशभर से अपने दलालों के माध्यम से लोगों से निवेश कराया था। निवेशकों को कुछ माह के लिए पांच प्रतिशत रिटर्न प्रतिमाह लाभ के रुप में रिटर्न किया गया,लेकिन बाद में बंद कर दिया गया। पीडित ने कम्पनी में छह लाख रुपए निवेश किए थे। इसके अलावा फर्रुखाबाद निवासी तरुण सचदेवा ने तीन लाख, हरियाणा के जगाधरी निवासी समीना ने छह लाख, करनाल के धर्मपाल ने चार लाख व मोहिंदर ने पांच लाख, हरियाणा के इन्द्री, करनाल निवासी रामेश्वर ने चार लाख, फरीद ने तीन लाख, सलमान ने 2.80 लाख,मुकीम मलिक ने 7.50 लाख, मोहम्मद शहजाद ने 4.90 लाख, खुशनुमा ने 1.60 लाख, फैज ने दो लाख, राशिद ने 1.60 लाख, जीहान 1.60 लाख, इकरार ने 1.60 लाख, डा. अंजुम ने 2.10 लाख, मुकर्रम ने 1.60 लाख, अंजली बोहरा ने 2.20 लाख, कमाल उस्मानी ने 3.20 लाख समेत 18 लोगों ने लगभग 60 लाख रुपये निवेश किए थे। आरोप है कि वर्ष 2024 के बाद कंपनी ने निवेशकों को रिटर्न देना बंद कर दिया। जब लोगों ने अपनी रकम वापस मांगी तो धमकाया गया। बताया गया कि आरोपी लविश चौधरी उर्फ नवाब वर्तमान में दुबई में रह रहा है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
बता दें लविश चौधरी का मुजफ्फरनगर से भी गहरा नाता रहा है। उसके परिजनों का शहर के अंबा विहार में मकान है और वह स्वयं भी पहले यहां रह चुका है। इस संबंध के कारण पुलिस अब इस मामले की जांच का दायरा बढ़ा रही है ताकि ठगी के इस जाल में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाया जा सके।

रालोद दफ्तर की बदहाली पर कार्यकर्ताओं में आक्रोश, जयंत चौधरी तक पहुंचेगा मामला
मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के सर्कुलर रोड स्थित जिला कार्यालय की बदहाली अब पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा और नाराजगी का विषय बनती जा रही है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिस कार्यालय से पार्टी की गतिविधियों, बैठकों और संगठनात्मक कार्यक्रमों का संचालन होता है, वहां बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव बना हुआ है।





