नगर विकास को सदन में 248 करोड़ की आय का वार्षिक बजट पास

Share :

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद् बोर्ड बैठक में चेयरपर्सन के रूप में मीनाक्षी स्वरूप की अगुवाई में वित्तीय वर्ष 2025-26 में नगर विकास को तैयार आय-व्यय का प्लान ध्वनिमत से पारित हो गया। आगामी वित्तीय वर्ष के 12 माह में पालिका 429 करोड़ रुपये नगर के विकास, संसाधनों व कर्मियों के वेतन और पेंशन सहित अन्य मदों में खर्च करेगी। यानि प्रति माह पालिका में सुविधा और व्यवस्था बनाने के लिए पालिका ने 36 करोड़ रुपये का व्यय करने के साथ हर माह करीब 21 करोड़ के हिसाब से 248 करोड़ वार्षिक आमदनी का लक्ष्य तय किया है। खर्च व आमदनी में बड़ा अंतर होने के बाद भी पालिका अपने खजाने में साल के अंत तक 51 करोड़ की राशि संजोने में सफल रहेगी।

शुक्रवार को पालिका सभागार में चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप की अध्यक्षता में 51 करोड़ रुपये के लाभ का वार्षिक बजट प्रस्ताव सदन में प्रस्तुत किया, जिस पर हर सदस्य सहमत दिखाई दिया। इससे पूर्व अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने सदन में दो प्रस्ताव वाला एजेंडा प्रस्तुत किया। इस बीच प्रस्ताव सं. 488 के अन्तर्गत गत कार्यवाही की पुष्टि पर सदन की मुहर लगी तो विशेष प्रस्ताव संख्या 489 में वार्षिक अनुमानित बजट वित्तीय वर्ष 2025-26 की आय व व्यय को प्रस्तुत करते हुए सदन की सहमति प्राप्त की गई। इस बार चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में नगरपालिका परिषद् वित्तीय वर्ष 2025-26 में 248 करोड़ रुपये का बजट लेकर आई है। बजट प्रस्ताव के अनुसार लेखा विभाग के आंकड़ों में 1 फरवरी तक पालिका खजाने में 231 करोड़ से ज्यादा की राशि अवशेष है और आने वाले साल में पालिका ने 248 करोड़ रुपये से ज्यादा की आय विभिन्न मदों से जुटाने का अनुमान लगाया है। ऐसे में पालिका इस वित्तीय वर्ष तक 480 करोड़ रुपये से ज्यादा का खजाना अपने पास संजोयेगी और इसमें से 429 करोड़ से ज्यादा की राशि विकास कार्यों के साथ वेतन, संसाधन व दूसरे मदों पर खर्च करने की स्वीकृति सदन ने प्रदान कर दी है।
बोर्ड बैठक में 55 सदस्यों में से 51 सदस्य उपस्थित रहे। वार्ड 8 से मुसीरा, 28 से मोहित मलिक, 45 से नरगिस सिद्दीकी और 46 से शबनूर बैठक में नहीं पहुंचे। करीब 15 मिनट चली बोर्ड बैठक में इस दौरान चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, ईओ प्रज्ञा सिंह, लेखाधिकारी प्रीति रानी, केएनए दिनेश यादव, एई जल सुनील कुमार, जेई जल धर्मवीर सिंह, जेई निर्माण कपिल कुमार, जेई जल जितेन्द्र कुमार, एनएसए डॉ. अतुल कुमार, कार्यवाहक टीएस पारूल यादव, सीएसआई योगेश कुमार, एसआई प्लाक्षा मैनवाल समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

इन्होंने कहा-
चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि लेखा विभाग के द्वारा पालिका का वित्तीय वर्ष 2025-26 का अनुमानित मूल बजट प्रस्ताव तैयार किया गया है, इसमें वर्ष 2024-25 में पालिका द्वारा 160 करोड़ 09 लाख 38 हजार 722 रुपये की आय अर्जित की है, वहीं 111 करोड़ 30 लाख 42 हजार 302 रुपये खर्च हुए। इस साल पालिका ने 248 करोड़ 90 लाख 90 हजार रुपये की आय दर्ज की और 429 करोड़ 06 लाख रुपये व्यय करने जा रही है। उन्होंने बताया कि 1 फरवरी, 25 तक पालिका के खजाने में 231 करोड़ 14 लाख 37 हजार 486 रुपये की राशि अवशेष थी। इस प्रकार वित्तीय वर्ष में लेखा विभाग के अनुमान के अनुसार भी यदि पालिका खर्च करती है तो 31 मार्च, 26 तक पालिका खजाने में 50 करोड़ 99 लाख 27 हजार 486 रुपये की धनराशि अवशेष रहेगी। उन्होंने इस वित्तीय वर्ष में पालिका द्वारा शहर के विकास व पालिका को आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने के साथ आय बढ़ाने, कूड़ा निस्तारण और उससे कमाई व कूड़े से बिजली उत्पादन जैसी स्वप्निल योजनाओं को धरातल पर लाने का दावा करते हुए कहा कि यह साल नगर विकास में भी नये आयाम स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Cricket Score
Share Market
Gold Silver Price
Rashifal