मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने प्रदेश के जीएसटी पंजीकृत व्यापारी हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से दुर्घटना में मृत्यु होने पर मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि बढ़ाकर एक करोड़ रुपये करने की मांग की। इसके साथ ही आग लगने, बारिश का पानी भरने तथा अन्य प्राकृतिक एवं आकस्मिक आपदाओं में व्यापारियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रावधान बनाने की मांग उठाई है। इस संबंध में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को मांग पत्र भेजकर व्यापारियों की समस्याओं और उनके आर्थिक योगदान की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है।
मांग पत्र में कहा गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की अर्थव्यवस्था निरंतर प्रगति कर रही है और प्रदेश राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसमें व्यापारिक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। व्यापारी न केवल सरकारी राजस्व संग्रह में अहम योगदान देता है, बल्कि बिना किसी वेतन अथवा कमीशन के राष्ट्र सेवा की भावना से सरकार के राजस्व कोष को मजबूत करने का कार्य करता है। साथ ही लाखों लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराता है। व्यापार मंडल ने पंजाब नेशनल बैंक द्वारा हाल ही में शिक्षकों के लिए दुर्घटना सहायता राशि बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में मृत्यु होने पर मिलने वाली सहायता राशि अपेक्षाकृत बहुत कम है। संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि न्यायहित में व्यापारियों की दुर्घटना सहायता राशि बढ़ाकर कम से कम एक करोड़ रुपये की जाए।
इसके अतिरिक्त मांग पत्र में व्यापारियों को प्राकृतिक एवं आकस्मिक आपदाओं से होने वाले नुकसान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। कहा गया है कि बारिश का पानी दुकानों में भरने अथवा आग लगने जैसी घटनाओं में व्यापारियों का लाखों रुपये का माल नष्ट हो जाता है और उनका कारोबार पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। ऐसी परिस्थितियों में व्यापारी आर्थिक संकट में घिर जाता है, जबकि उसे सरकारी स्तर से पर्याप्त सहायता नहीं मिल पाती।
संगठन ने मांग की है कि ऐसी आपदाओं की स्थिति में जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों को कारोबार दोबारा शुरू करने के लिए 10 लाख रुपये तथा गैर-पंजीकृत व्यापारियों को पांच लाख रुपये तक की सरकारी आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया जाए। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि इन मांगों पर सरकार द्वारा सकारात्मक निर्णय लिए जाने से व्यापारियों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और प्रदेश में व्यापार के अनुकूल वातावरण और मजबूत होगा। इस दौरान वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कंसल, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार सिंघल, जिला महामंत्री श्याम सिंह सैनी एवं नगर महामंत्री प्रवीण खेड़ा आदि मौजूद रहे।

ज्ञान को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही सच्चा पुरुषार्थ : मोहन भागवत
मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। देवभूमि शुकतीर्थ स्थित महर्षि शुकदेव आश्रम में वीतराग स्वामी कल्याण देव जी की पुस्तक ‘अभिनंदन’ के द्वितीय संस्करण के विमोचन हेतु राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी प्रवास पर पधारे। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी ओमानंद जी महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर भागवतनगरी शुक्रताल एवं शुकतीर्थ ट्रस्ट






