मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं शैक्षिक उन्नयन के उद्देश्य से एक विशेष शैक्षिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वनस्थली विद्यापीठ, राजस्थान की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ गीतांजलि शर्मा एवं डॉ. केएन मोदी यूनिवर्सिटी, टोंक राजस्थान से आए असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. भरत शर्मा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ भरत शर्मा ने विद्यार्थियों को कर्म की प्रधानता का महत्व समझाते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण आवश्यक है। उन्होंने बताया कि श्री रामचरित मानस एवं श्री भागवत गीता में भी कर्म को प्रधानता दी गई है। उन्होंने विद्यार्थियों को कर्मशील बनने तथा अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए अपने माता-पिता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं वनस्थली विद्यापीठ की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ गीतांजलि शर्मा ने गणित विषय को सरल एवं रुचिकर ढंग से समझने के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने गणित के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने, विषय की मूल अवधारणाओं को समझने तथा नियमित अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने इंटरमीडिएट के छात्रों को स्पेशल कक्षा के माध्यम से गणित विषय में सफलता प्राप्त करने के मूल मंत्र बताए। उनके द्वारा दिए गए सुझाव विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहे।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 22 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली 37वीं अखिल भारतीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल करने वाली अंडर 14 टीम के खिलाड़ियों अभी खोखर, आरव खोखर, आर्यन चौधरी, अक्ष सालार, गौतम पाल एवं यशस्वी सैनी तथा अंडर 17 के खिलाड़ियों सार्थक चौधरी एवं देवराज चौधरी को आगंतुक अतिथियों द्वारा मैडल पहनाकर एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। खेल प्रशिक्षक रवि प्रकाश ने बताया कि अब ये विजयी खिलाड़ी महाराष्ट्र के शिरड़ी तथा गुजरात के मेहसाणा में होने वाली एसजीएफआई प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा ने आगंतुक अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने अखिल भारतीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाली टीम के खिलाड़ियों तथा उनके प्रशिक्षकों रवि प्रकाश एवं आशीष कुमार शर्मा को शुभकामनायें प्रदान की। कार्यक्रम का सफल संचालन महेश कुमार ने किया। इस अवसर पर समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

जनपद में आज से बाल चिकित्सा का महाकुंभ, UP PEDICON 2026 में जुटेंगे विशेषज्ञ
मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चिकित्सा जगत को नई पहचान दिलाने वाला प्रतिष्ठित बाल चिकित्सा सम्मेलन UP EDICON 2026 आज 13 नवंबर से जनपद मुजफ्फरनगर में शुरू होगा। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से ख्यातिप्राप्त बाल रोग विशेषज्ञ, वरिष्ठ चिकित्सक, चिकित्सा शिक्षक और शोधकर्ता एक मंच पर जुटेंगे।






