हरिद्वार (रिपोर्टर)। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स द्वारा तीन तलाक और हलाला से पीड़ित महिलाओं के लिए वक्फ संपत्तियों को कब्जामुक्त कराकर वहां निशुल्क पक्के आवास उपलब्ध कराने के निर्णय का मुस्लिम समाज ने स्वागत किया है। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वक्फ संपत्तियों का उपयोग जरूरतमंद महिलाओं के पुनर्वास और सम्मानजनक जीवन के लिए किया जाना सराहनीय पहल है। पार्षद अहसान अंसारी ने कहा कि तीन तलाक और हलाला से प्रभावित महिलाओं के सामने आवास और आर्थिक सुरक्षा की गंभीर चुनौती रहती है। ऐसे में उन्हें स्थायी आवास उपलब्ध कराने की पहल उनके जीवन को नई दिशा देने वाली साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि वक्फ संपत्तियों को कब्जामुक्त कर उनका जनहित में उपयोग सुनिश्चित करना भी इस पहल का महत्वपूर्ण पक्ष है।
बैठक में मौजूद लोगों ने शादाब शम्स के निर्णय की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वक्फ बोर्ड भविष्य में भी संपत्तियों का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए करेगा। इस अवसर पर पार्षद अहसान अंसारी, वाजिद अली, शाहनवाज ख्वाजा, शौकीन गौड़, सोनू अंसारी, बाल्ला कुरैशी, अकरम चौधरी, शमशाद कुरैशी, डॉ. नौशाद फारूकी, इमरान अली और राहिल अंसारी मौजूद रहे।

पीईटी-2026 की परीक्षा अब 25, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को
लखनऊ (रिपोर्टर)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा(पीईटी)-2026 की तिथियों में बदलाव किया है। अब परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को आयोजित की जाएगी। पहले परीक्षा 23, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित थी। परीक्षा केंद्रों की सूची और सहमति पत्र की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।






