मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं वन्यजीव विभाग द्वारा संचालित ’’वृक्षारोपण महायज्ञ- 2026’’ तथा ’’हरित सारथी अभियान’’ के अंतर्गत श्रीराम कॉलेज ऑफ फार्मेसी, मुजफ्फरनगर में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समाज के अन्य वर्गों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के अंतर्गत कॉलेज परिसर में 6 जुलाई से 12 जुलाई 2026 तक विभिन्न पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने परिसर में पौधे रोपित कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा हरित वातावरण के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जानसठ पॉलिटेक्निक के यांत्रिक विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. कर्मवीर रहें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री राम कॉलेज ऑफ फार्मेसी के निदेशक डॉ. गिरेन्द्र कुमार गौतम ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का भी संकल्प ले। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने ’’मैं हूँ एक हरित सारथी’’ का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। श्रीराम कॉलेज ऑफ फार्मेसी, मुजफ्फरनगर द्वारा आयोजित यह पहल समाज में हरित, स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस संपूर्ण कार्यक्रम के दौरान डॉ. संदीप कुमार, डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, डॉ. रामदत्त शर्मा, साबिया परवीन, टिंकू कुमार, लोकेश कुमार, ज्योति जैन, अवि दुबे, आरती चोपड़ा, मुस्सयब खान, तरन्नुम फातिमा, शिवम् त्यागी, आर्याव्रत, उज्जवल, शैली, सलमान, शशीभूषण, भूदेव, रामसिंह, सुशील, विकास कुमार, संजय कुमार, आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

रालोद दफ्तर की बदहाली पर कार्यकर्ताओं में आक्रोश, जयंत चौधरी तक पहुंचेगा मामला
मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के सर्कुलर रोड स्थित जिला कार्यालय की बदहाली अब पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा और नाराजगी का विषय बनती जा रही है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिस कार्यालय से पार्टी की गतिविधियों, बैठकों और संगठनात्मक कार्यक्रमों का संचालन होता है, वहां बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव बना हुआ है।





