मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। खतौली के कांग्रेस नेता जमील अंसारी ने बुधवार को डीएम उमेश मिश्रा से मुलाकात करते हुए नगर पालिका परिषद खतौली के चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी पर उत्पीड़न, धमकी दिलाने और राजनीतिक रंजिश के तहत कार्रवाई कराने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता जमील अंसारी ने आरोप लगाया कि खतौली नगरपालिका के अधिकारी और अध्यक्ष उनके साथ चुनावी रंजिश रखते हैं और उसी के बदले में यह कार्यवाही की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने भी उसका धारा 151 में चालान कर दिया जबकि उपद्रव कर रहे लोगों पर कोई कार्यवाही नहीं की गई है। हालांकि उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
डीएम उमेश मिश्रा को दिए शिकायती पत्र में जमील अंसारी ने बताया कि नगर पालिका बाजार की ऊपरी मंजिल पर बनने वाली 30 दुकानों की नीलामी में उन्होंने 27, 28, 29 और 30 नंबर की दुकानें ऊंची बोली लगाकर अपने नाम आवंटित कराई थीं। उनका आरोप है कि नीलामी के दौरान दिखाए गए ब्लूप्रिंट में दुकानों तक पहुंचने के लिए पुल और रास्ता दर्शाया गया था, लेकिन आज तक कोई रास्ता उपलब्ध नहीं कराया गया। कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं होने पर उन्हें हाईकोर्ट की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय ने दो माह में समस्या के समाधान के निर्देश दिए थे, लेकिन पालिका ने आदेश का पालन नहीं किया। जमील अंसारी ने आरोप लगाया कि हाल ही में पालिका की ओर से उन्हें लगातार नोटिस और धमकी भरे पत्र भेजे गए। उन्होंने बताया कि चार मई को कुछ लोग उनके घर पहुंचे और परिवार को धमकाया, जबकि अगले दिन बड़ी संख्या में लोगों ने घर पहुंचकर गेट तोड़ दिया और घर में कूड़ा डाल दिया। उन्होंने इसे राजनीतिक रंजिश बताया और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

समर्पित युवा समिति की रक्त सेवा को फिर मिला सम्मान
मुज़फ़्फ़रनगर (रिपोर्टर)। रक्तदान के क्षेत्र में जिले की अग्रणी संस्था समर्पित युवा समिति को फिर से सम्मानित किया गया। जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ तेवतिया ने प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर समर्पित युवा समिति के सदस्य मनी पटपटिया एवं वैभव मदन को पुरस्कृत किया गया। साथ ही






