मुजफ्फरनगर। स्टेट जीएसटी विभाग ने जनपद में ट्रांसपोर्ट के माध्यम से हो रही जीएसटी चोरी की बड़ी चेन पकड़ी है। इस कार्रवाई की शुरूआत में बीती रात्रि रामपुरी स्थित प्रतीक गुड्स कैरियर पर जीएसटी विभाग अधिकारियों ने टीम के साथ छापेमारी की। टीम की छापेमारी के बाद हुई जांच के दौरान यहां सप्लायरों के माध्यम से पहुंच रहे माल के लेनेदेन में अधिकारियों को बड़ी विसंगतियां यहां पकड़ में आई। इस बीच टीम की ओर से हुई कार्रवाई में 12.87, 117 रुपये का माल जब्त किया गया। इसके साथ जीएसटी चोरी मिलने पर 4.62 लाख रुपए का मौके पर चालान बनाकर अर्थदंड जमा कराया गया। देर रात्रि शुरू हुई जांच पड़ताल में गुरूवार को भी क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
बुधवार देर रात्रि रुड़की रोड पर संचालित ट्रांसपोर्ट पर स्टेट जीएसटी विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर सिद्धेश दीक्षित के नेतृत्व में ट्रांसपोर्ट से हो रहे व्यापार की जांच के लिए टीम गठित की गई। इस दौरान विभाग के डिप्टी कमिश्नर मनोज शुक्ल ने टीम के साथ रामपुरी स्थित प्रतीक गुड्स कैरियर कंपनी पर छापेमारी की। टीम ने कई घंटे तक यहां पर मिले माल के बिलों और अन्य लेखे-जोखे के दस्तावेजों की जांच की। टीम ने इस दौरान यहां ट्रांसपोर्ट पर पहुंचने वाले माल के साथ वहां से पार्टी को भेजे जाने वाले माल के लेन-देन में बड़ी विसंगतियां पकड़ी। टीम ने इस दौरान सामान की सूची जब्त करने के साथ अन्य ट्रांसपोर्ट तक पहुंचने में सुविधा के चलते अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए, ताकि अन्य स्थानों पर विभाग जांच को पहुंचने में आसानी होगी। ज्वाइंट कमिश्रर सिद्धेश दीक्षित ने बताया कि टीम को कई घंटे की जांच में यहां बड़ी गड़बड़ियां मिली है, जिसके आधार पर टीम ने 12,87, 117 रुपये के माल को अभिग्रहित करने के साथ ही अर्थदंड मद में चार लाख 62 हजार रुपये की चालान कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि जिले में संचालित ट्रांसपार्ट के माध्यम से व्यापारियों के पास पहुंचने वाले माल में बड़ी जीएसटी चोरी की जानकारी मिली है। रोड ट्रांसपोर्ट के साथ रेल ट्रांसपोर्ट पर विभाग की नजर है, ताकि जीएसटी चोरी रोकने के साथ राजस्व में वृद्धि हो।






