मुजफ्फरनगर। पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बदलते मौसम के मिजाज ने दिल्ली-एनसीआर के साथ प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड का सितम बादस्तूर जारी रखा है। सायं ढलने के साथ शुरू हुए कोहरे के कहर बीच दोपहर तक सूर्यदेव के दर्शनों को तरसते लोगों को राहत की अभी उम्मीद दूर तक नहीं दिखी। हालांकि दिन के समय थोड़ी धूप निकल जाने से लोगों को कुछ राहत सी मिल जाती है, लेकिन कोहरे के बढ़ते कहर से वाहनों की गति को ब्रेक व दृश्यता की कमी दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ा रही है, जिससे मुक्ति को वाहनों की रात्रि व सुबह आवाजाही बहुत कम रह गई। बुधवार को जारी मौसम विभाग के अलर्ट के बीच न्यूनतम पारा 8 डिग्री व अधिकतम पारा 16.4 डिग्री के साथ गलन 92 प्रतिशत रही। बुधवार देर सायं स्कूलों में फिर से तीन दिनों के अवकाश की घोषणा ने बच्चों के साथ ही उनके अभिभावकों को राहत दी।
प्रदेश की सबसे ठंडी रात रहने के साथ बुधवार सुबह कोहरे ने मुजफ्फरनगर समेत वेस्ट यूपी में अपना असर दिखाया। दिन प्रति दिन ऐसे में कोहरे के इस कहर से अभी निजात मिलती दूर तक भी नहीं दिखाई दे रही है। बुधवार सुबह के समय अत्यधिक कोहरे व ठंड के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। इस बीच दो सप्ताह की स्कूलों की छुट्टी के समाप्त होने के बाद खुल जाने से बच्चों के साथ ही अभिभावकों का बुरा हाल रहा। ऐसे में घने कोहरे और ठंड के बीच में बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। इस बीच कोहरे की दृश्यता शून्य के करीब होने से सड़कों पर चलने वाले वाहनों की गति पर कोहरे ने ब्रेक लगा दिए। इसके चलते नगर क्षेत्र ही नहीं अपितु हाईवे और उससे जुड़े संपर्क मार्गों पर बड़े वाहनों की हेडलाइट व कोहरे को चीरने वाली फोग लाइट भी पूरी तरह से फेल साबित हो गई। कोहरे व अत्यधिक ठंड के कारण छोटे बच्चे और बुजुर्ग कमरों में बैठकर अंगीठी और हीटर जलाकर रहने को मजबूर दिखाई दिए। मौसम विभाग के जारी अनुमान में प्रदेश के कई जिलों में रात्रि के समय अभी भीषण ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश की सम्भावना जताई है। प्रदेश में मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, बिजनौर व संभल सहित 32 से ज्यादा जनपदों में कोहरा छाए रहने का अलर्ट है। इसके साथ कई जिलों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। वहीं जनपद मुजफ्फरनगर, इटावा और बुलंदशहर में सबसे कम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरूवार को भी मौसम ऐसा ही रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो वेस्ट यूपी व दिल्ली-एनसीआर में घने से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है।पश्चिमी विक्षोभों के चलते मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। बीते कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड के चलते मनुष्य ही नहीं पशु पक्षियों की हालत भी खराब हो रही है। ठंड से बचने के लिए लोग अपने घरों में रजाइयों में दुबके हैं। घरों से बाहर निकलने से पहले ठंड से बचाव के लिए कई गर्म कपड़े डालने पड़ रहे हैं। इतने प्रबंधों के बावजूद शरीर ठंड से कांप रहे हैं। हाथ-पांव लगातार ठंडे रहने से दैनिक काम काज निपटाने तक में परेशानी हो रही है। मोटर साइकिल चालकों की तो ठंड ने हालत खराब कर रखी है। दस्ताने व गर्म कपड़े पहनने के बावजूद ठंड से बचाव नहीं हो रहा है। कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने पर भी मोटरसाइकिल चालकों को कंपकंपी चढ़ रही है। सड़कों के किनारे राहगीर जगह-जगह अलाव सेंककर ठंड से बचने के प्रयास कर रहे हैं। पशुपालकों ने अपने पशुओं को भी ठंड से बचाने के लिए पर्याप्त प्रबंध कर रखे हैं। पशु पालक अपने पशुओं के मकानों में अंगीठी जलाकर ठंड कम करने के प्रयास में जुटे हैं।






