मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। बीती रात्रि ट्रिपल इंजन की सरकार में भाजपा जिला महामंत्री के साथ पुलिस कांस्टेबल द्वारा किए दुर्व्यवहार के चलते भाजपा कार्यकर्ताओं में उपजे आक्रोश को ठंडा करने की खातिर गुरुवार शाम पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ संजीव बालियान और योगी सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, शिव चौक पहुंच गए। उन्होंने भगत सिंह रोड के व्यापारियों के तमाम विरोध को दरकिनार करते हुए दूर दराज से आए गरीब परिवारों को रोजगार देने का काम किया। इससे पूर्व स्थानीय व्यापारी और शहर कोतवाली पुलिस भगत सिंह रोड पर इस बार दीपावली बाजार नहीं लगने देने का निर्णय ले चुकी थी। दोनों दिग्गजों ने पूर्व के निर्णय को बदलते हुए फेरी पटरी वालों की मांग पर उन्हें परंपरागत रूप से दीपावली बाजार लगाने की मांग का समर्थन किया। इस दौरान दोनों नेताओं की हरी झंडी मिलते ही फेरी पटरी वालों ने शिवचौक से लेकर हनुमान चौक तक मात्र 5 मिनट के अंतराल पर सड़क के बीच अपना स्थान सुरक्षित कर दुकानें लगा लीं। इस दौरान भाजपा के अन्य नेता भी वहां मौजूद रहे। हालांकि जगह को लेकर देर रात्रि तक फेरी पटरी वालों के बीच मारपीट और धक्का मुक्की का दौर जारी रहा। शिव चौक पर गुरुवार देर रात्रि तक भाजपा जिला महामंत्री संजय गर्ग के बेहतर पहल की सराहना होती रही। गुरुवार शाम को बड़ी बात यह रही की भाजपा नेताओं की मौजूदगी के दौरान शहर कोतवाल अथवा शिव चौक चौकी प्रभारी आसपास भी मौजूद नहीं रहे। हालांकि भाजपा नेताओं की निर्णय के बाद देर रात तक व्यवस्था बनाने में पुलिस प्रशासन अपनी जिम्मेदारी को लेकर सजग दिखाई दिया।
कहा कि वह बड़ी मुश्किल से दीपावली बाजार के लिए सामान बनाकर लाए हैं। यदि बाज़ार नहीं लगा तो गरीब दुकानदारों को बहुत नुकसान होगा। इस दौरान भगत सिंह रोड के कुछ व्यापारी भी वहां पहुंचे और सुरक्षा की दृष्टि से इस बार फेरी पटरी का दीपावली बाजार नहीं लगने देने की बात इन नेताओं के सामने रखी पर उनका तर्क था कि जब यह परंपरा बनी हुई है, तो इस बार भी दीपावली बाजार लग जाना चाहिए। डॉ संजीव बालियान और कपिल देव अग्रवाल ने सुरक्षात्मक रुख अपनाते हुए अपनी दुकानें लगाने की सहमति दी। उनके सकारात्मक रुख के बाद दुकानदारों ने चंद मिनटों में ही शिवचोक से लेकर हनुमान चौक तक सड़क के बीच में अपनी फेरी पटरी पर दुकान लगाने के लिए स्थान घेर लिया। देखते देखते पन्द्रह मिनट में ही पूरे बाजार में भगत सिंह रोड दो लेन में विभाजित हो गई। प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने प्रशासन को यहां पर सुरक्षा इंतजाम करने अग्निशमन सेवा की तैनाती करने के भी निर्देश दिये। छोटे दुकानदारों ने मार्केट लगाने की सहमति देने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ संजीव बालियान और मंत्री कपिल देव अग्रवाल का आभार भी जताया। हालांकि शिव चौक पर रात्रि 11 बजे तक अपनी दुकानों को छोटी बड़ी करने को लेकर आपस में मारपीट और धक्का मुक्की का दौर जारी रहा, जैसे पुलिस के जवानों ने लाठी फटकार कर दुरुस्त किया।







