मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। फुपुक्टा एवं एम. सूटा के आह्वान पर आज सनातन धर्म कॉलेज, मुजफ्फरनगर में महाविद्यालय के शिक्षक संघ के सभी शिक्षक साथियों ने शिक्षकों की लंबित एवं महत्वपूर्ण मांगों के समर्थन में काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण एवं सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के माध्यम से शिक्षकों ने प्रदेश एवं विश्वविद्यालय स्तर पर शिक्षक संगठनों द्वारा उठाई जा रही 30 सूत्रीय मांगों के प्रति अपनी एकजुटता और प्रतिबद्धता व्यक्त की।
शिक्षकों की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना की पुनर्बहाली, शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष किए जाने, पीएच.डी. उपाधि के आधार पर यूजीसी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वेतन वृद्धि (इनक्रीमेंट) प्रदान किए जाने, शिक्षा के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के अनियंत्रित एवं नकारात्मक प्रभावों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किए जाने, शिक्षकों की पदोन्नति की प्रक्रिया समयबद्ध एवं पारदर्शी बनाए जाने, महंगाई भत्ते (DA) एवं अन्य लंबित एरियर का शीघ्र भुगतान किए जाने सहित शिक्षकों की विभिन्न सेवा संबंधी एवं शैक्षणिक समस्याओं का समाधान किया जाना शामिल है।
इस अवसर पर उपस्थित शिक्षक साथियों ने कहा कि शिक्षकों की ये मांगें केवल व्यक्तिगत सुविधाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षकों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा, सेवा संबंधी गरिमा, कार्य परिस्थितियों तथा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई हैं। पुरानी पेंशन की बहाली, समयबद्ध पदोन्नति, यूजीसी के प्रावधानों के अनुरूप वित्तीय लाभ तथा लंबित देयकों का भुगतान शिक्षकों के न्यायसंगत अधिकार हैं।
शिक्षकों ने यह भी रेखांकित किया कि वर्तमान समय में शिक्षा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का तेजी से बढ़ता हस्तक्षेप अनेक संभावनाओं के साथ-साथ गंभीर चुनौतियां भी प्रस्तुत कर रहा है। अतः शिक्षा की मौलिकता, मानवीय मूल्यों, शिक्षक की भूमिका एवं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास को सुरक्षित रखने के लिए इसके विवेकपूर्ण एवं संतुलित उपयोग को सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
सांकेतिक विरोध प्रदर्शन के माध्यम से महाविद्यालय के शिक्षकों ने स्पष्ट संदेश दिया कि शिक्षक हितों की अनदेखी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने शासन, उच्च शिक्षा विभाग एवं संबंधित विश्वविद्यालय प्रशासन से अपेक्षा की कि शिक्षक संगठनों की 30 सूत्रीय मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए उनका सकारात्मक एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रोफेसर शुचि अग्रवाल, प्रोफेसर विकास वर्मा, डॉ. अरविन पंवार, डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. मदन पाल, डॉ. विपिन कुमार, डॉ. बिजेंद्र सिंह, डॉ. सुबोध कुमार, डॉ. ध्रुव कुमार गुप्ता, डॉ. अनूप पटेल, डॉ. नेहा कनोचिया, डॉ. सरिता ढाका एवं डॉ. अरविंद कुमार सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक साथी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे और एकजुट होकर अपनी मांगें रखीं।

नवीन मंडी व्यापार संघ की बैठक में दीपावली पर रविवार को भी मंडी में व्यापार सुचारू रखने का निर्णय
मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। नवीन मंडी व्यापार संघ, मुजफ्फरनगर की एक औपचारिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें मंडी के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं सम्मानित व्यापारियों ने भाग लिया। बैठक में सभी व्यापारी बंधुओं को पंच पर्व एवं दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही दीपावली पर्व के अवसर पर रविवार का साप्ताहिक अवकाश होने






