मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से “एक पेड़ मां के नाम” वृक्षारोपण महाभियान का आयोजन आगामी 12 जुलाई को होने जा रहा है। इस वृक्षारोपण अभियान के अन्तर्गत प्रदेश के मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ महाराज द्वारा प्रदेश भर में 35 करोड़ फलदार और छायादार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी परिप्रेक्ष्य में सहकारिता मन्त्री जेपीएस राठौर द्वारा प्रदेश के सहकारिता विभाग को 11 लाख फलदार और छायादार पौधे लगाने का लक्ष्य आवंटित किया है। मुज़फ्फरनगर एवं शामली में दोनों जिलों की सभी सहकारी समितियों, मुज़फ्फरनगर डिस्ट्रिक्ट कोआपरेटिव बैंक की सभी 50 शाखाओं और अन्य सहकारी संस्थाओं के माध्यम से इस वृहद वृक्षारोपण कार्य को अंजाम दिया जाएगा।
प्रदेश के राज्य मंत्री सहकारिता स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर के निर्देशानुसार आगामी 12 जुलाई के वृक्षारोपण महाभियान के सन्दर्भ में एक अति आवश्यक समीक्षा बैठक डिस्ट्रिक्ट कोआपरेटिव बैंक मुज़फ्फरनगर एवं शामली के सभापति ठाकुर रामनाथ सिंह की अध्यक्षता में जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभापति ठाकुर रामनाथ सिंह ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में प्रदेश भर में 240 करोड़ से ज्यादा पौधे लगाए जा चुके हैं और प्रदेश स्तर पर इस बार 35 करोड़ से ज्यादा पौधों की तैयारी की गई है। इस प्रकार यह अभियान उत्तर प्रदेश को हरा भरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है।
इस अवसर पर सहारनपुर मंडल के संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबन्धक सहकारिता अरविन्द प्रकाश के मुजफ्फरनगर जनपद में प्रथम आगमन पर उनका, बैंक सभापति ठाकुर रामनाथ सिंह द्वारा अमरूद का पौधा प्रदान करके सम्मान किया गया।
समीक्षा बैठक को सम्बोधित करते हुए बैंक सभापति ठाकुर रामनाथ सिंह ने कहा कि मुजफ्फरनगर एवं शामली जिलों में सहकारिता विभाग व जिला सहकारी बैंक, आगामी 12 जुलाई को मुज़फ्फरनगर जनपद में 8000 छायादार फलदार पौधे तथा शामली जनपद में 4000 पेड़ लगाने का लक्ष्य तो पूरा करेगा ही वरन इससे भी अधिक पौधों के रोपण की उपलब्धि प्राप्त करेगा । पेड़ लगाओ – पेड़ बचाओ के नारे का उल्लेख करते हुए बैंक सभापति ठाकुर रामनाथ सिंह जी ने बताया कि दिनांक 12-07-2026 को सुबह प्रातः 07 बजे से आरम्भ होने जा रहे महाभियान हेतु सभी बैंक शाखा प्रबन्धकों, सहकारी समिति सचिवों एवं सहकारिता के अन्य कार्यालयों को निर्देशित कर दिया गया है। विशेषतः समिति सचिवों से आह्वान करते हुए सभापति ठाकुर रामनाथ सिंह ने कहा कि किसानों के दीर्घकालिक हितों को ध्यान में रखते हुए समितियों पर विशेष रूप से फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए गए पौधों की देखभाल भी उसी समर्पण के साथ की जानी चाहिए, जैसे परिवार के सदस्य की की जाती है।
समीक्षा बैठक में जानकारी दी गई कि अभियान के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति और वन विभाग की नर्सरियों से पौधों का उठान तथा गड्ढों की खुदाई का कार्य भी पूरा हो चुका है। समीक्षा बैठक में संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबन्धक सहकारिता (सहारनपुर मंडल) श्री अरविन्द प्रकाश जी, जनपद मुज़फ्फरनगर के सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अरिमर्दन सिंह गौर, जिला सहकारी बैंक के सी० ई०ओ० सचिव/मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार जी द्वारा प्रतिभाग किया गया।

पात्र लोगों के जाति प्रमाणपत्र जारी नहीं हुए तो लोकतांत्रिक तरीके से होगा आंदोलन: सतेंद्र पाल
मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। धनगर समाज उत्थान समिति के नेतृत्व में धनगर समाज के लोगों ने जाति प्रमाणपत्र से जुड़ी समस्याओं को लेकर शासन और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र समाधान की मांग उठाई। धनगर समाज उत्थान समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रुड़की रोड स्थित होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा






