मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड की बुधवार को शुरू हुई परीक्षा के दूसरे दिन भी हाई स्कूल व इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाएं जनपद में 72 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों एवं पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुईं। दूसरे दिन हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों के चेहरे खुश ही दिखाई दिए। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की भारी भीड़ देखने को मिली। दूसरे दिन हाईस्कूल प्रथम पाली में कुल पंजीकृत 1224 परीक्षार्थियों में से 1197 ने परीक्षा दी और किन्हीं कारणों से 27 परीक्षार्थी परीक्षा छोड़ गए। वहीं इंटरमीडिएट की प्रथम पाली की परीक्षा में पंजीकृत कुल 491 परीक्षार्थियों में से 15 परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर नहीं पहुंच पाए।
माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड परीक्षा के आगाज के साथ जनपद में बनाए 72 परीक्षा केंद्रों पर दूसरे दिन भी छात्र-छात्राएं अपने निर्धारित समय से पूर्व ही पहुंचे। इस दौरान कई परीक्षार्थी अपने परिजनों के साथ केंद्रों पर पहुंचे। क्षमता से अधिक क्षेत्र में वाहनों की संख्या के चलते शहर के प्रमुख चौराहों और संपर्क मार्गों पर वाहनों से यातायात भी बाधित रहा। इस दौरान परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों की गहनता के साथ तलाशी लेने के बाद परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिलाया गया।
डीआईओएस राजेश श्रीवास ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड की दोनों पाली की परीक्षाएं निर्विघ्न रूप से संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि जनपद के 72 परीक्षा केंद्रों पर 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारम्भ होकर 12 मार्च तक संचालित होंगी। दो पालियों में आयोजित परीक्षा में जनपद में इस वर्ष कुल 56,163 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें 29,128 छात्र एवं 27,035 छात्राएं शामिल हैं। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। केंद्रों के प्रवेश द्वार पर सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। नकल-विहीन परीक्षा संपन्न कराने के उद्देश्य से तमाम प्रशासनिक अधिकारी इन केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।

मल्ल्किार्जुन खड़गे की जनसभा में जा रहे कार्यकर्ताओं को रोके जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
हरिद्वार (रिपोर्टर)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा में शामिल होने जा रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को रोके जाने और पुलिस द्वारा कथित भेदभाव किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिवालिक नगर ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह राणा के नेतृत्व में शिवालिक नगर चौक पर प्रदर्शन किया और पुलिस कार्रवाई की निंदा की।






