मुजफ्फरनगर। सीएमओ सुनील तेवतिया ने बताया कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान सेवा पखवाड़े के रूप में जनपद में चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों, ब्लड डोनेशन कैंपों तथा अन्य नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर को जिला महिला चिकित्सालय में विशाल स्वास्थ्य मेला आयोजित होगा। इस दौरान महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, नियमित जांच, परामर्श, उपचार व अन्य सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञ चिकित्सक भी अपनी सेवाएँ देंगे, जिससे सभी लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि इस कैंप में मानसिक रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, नाक, कान और गले के रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग (हड्डी रोग) विशेषज्ञ सहित अन्य चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। वहीं उपस्थित महिलाओं को जरुरी परीक्षण, परामर्श और उपचार की सुविधा प्रदान की जाएगी, ताकि उन्हें समुचित स्वास्थ्य सेवा मिल सके। डॉ. सुनील तेवतिया ने जिले के लोगों, विशेष रूप से महिलाओं से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और स्वास्थ्य शिविरों, ब्लड डोनेशन कैंपों तथा अन्य नि:शुल्क सेवाओं का लाभ उठाएँ। यह अभियान महिलाओं को स्वस्थ और सशक्त बनाने तथा परिवार के स्वास्थ्य को बेहतर करने के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।







