मंत्री अनिल कुमार ने मेधावियों का किया विकास भवन में सम्मान

Share :

मुजफ्फरनगर। विकास भवन सभागार में मेधावी छात्र अलंकरण और मुख्यमंत्री विद्यालयीय खेल पुरस्कार समारोह में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी द्वारा संयुक्त रूप से मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस दौरान हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परिषदीय बोर्ड की परीक्षा में जनपद में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थियों को माननीयों ने सम्मानित किया। इस बीच जिले के हाई स्कूल में 12 और इंटरमीडिएट में 10 छात्र- छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। सरकार द्वारा पुरस्कार के रूप में 21 हजार रुपए की धनराशि, टेबलेट, प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सभी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी चेक, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

विकास भवन सभागार में मुख्य अतिथि के रूप में अपने विचार व्यक्त करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि सरकार लगातार शिक्षा के साथ खेलों को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रही है, जिसमें सभी छात्र-छात्रायें किसी भी दिशा में अपना कैरियर बनाकर अपने सपनों को उडान दे सकते हैं। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. निर्वाल ने कहा कि बच्चों को लगातार इस दिशा में सफलता पाने के लिए मेहनत करनी चाहिए, ताकि उनके बेहतर भविष्य का निर्माण हो सके। जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने कहा कि स्कूल-कॉलेजों के शिक्षकों द्वारा छात्र-छात्राओं को अच्छी शिक्षा दिलाने का काम किया है, जिससे उनमें नई ऊर्जा का संचार होगा। डीएम उमेश मिश्रा ने बच्चों से सही दिशा में आगे बढ़ने और देश और समाज हित में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं करते हुए उनके अभिभावकों से कहा कि बच्चे की जिस क्षेत्र में जाने की बच्चे की रुचि है, उसे उसी क्षेत्र में जाने दें, उस पर अपना दबाव न डालें।
डीआईओएस राजेश कुमार श्रीवास ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और अवगत कराया कि गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में जनपद की रैंकिंग प्रदेश स्तर पर बेहतर हुई है। इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. रणवीर सिंह ने किया। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, जिला समन्वयक नितिन कुमार, आशीष द्विवेदी, ललित मोहन गुप्ता, संदीप कौशिक, साक्षी देशवाल, मीनाक्षी आर्य, पूनम, अजय कुमार, अमित कुमार, मनीष भाटिया, प्रमोद कुमार, मांगेराम, देवेंद्र कुमार, राकेश कुमार, अविनाश, विनीत कुमार, भारत भूषण अरोरा उपस्थित रहे।
इससे पूर्व सभी माननीयों की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावक सहित संबंधित लोगों ने मेधावी छात्र अलंकरण का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी देखा गया। इस दौरान मुख्यमंत्री विद्यालयीय खेल पुरस्कार समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित 5 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Cricket Score
Share Market
Gold Silver Price
Rashifal