मुजफ्फरनगर। नववर्ष की दस्तक के बीच मंगलवार को मिल रही तमाम शिकायतों के बीच एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री बिक्री किए जाने के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पान मंडी में दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान विभाग के अधिकारियों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने एकत्र किए। टीम द्वारा की गई उक्त छापेमारी से नगरीय क्षेत्र में हड़कंप मचने के साथ ही कई दुकानों के शटर धड़ाघड़ गिरते चले गए।
खालापार थाना क्षेत्र के मुख्य बाजारों में शामिल पान मंड़ी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दोपहर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम पान मंडी निवासी विकास कुमार व इकरार अहमद के प्रतिष्ठान पर पहुंची। यहां खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दुकान पर बिक रहे खाद्य सामग्री की जांच पड़ताल करनी शुरू कर दी। इस बीच खाद्य विभाग की टीम ने जहां विकास कुमार की दुकान से बिस्कुट एवं नैस्कैफे के सैंपल जब्त करते हुए उन्हें प्रयोगशाला के लिए भेजा। वहीं दूसरी ओर इकरार अहमद के प्रतिष्ठान से टीम ने दिलबाग पान मसाला और स्वीटी सुपारी के कई सैंपल जब्त किए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने इन दोनों दुकानों से जब्त की गई खाद्य सामग्री को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है, जहां से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही प्रतिष्ठान के विरुद्ध की जा सकेगी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार, राकेश कुमार व अशोक कुमार मौजूद रहे।






