मुख्य प्रबंधक को दीवार की ओर मुंह करके बैठाने के आरोप किया प्रदर्शन

Share :

मुजफ्फरनगर। पंजाब नेशनल बैंक मंडल कार्यालय के मुख्य प्रबंधक समेत अन्य अफसरों से जातिगत आधार पर बेइज्जत करने के मामले में बुधवार को बैंक अधिकारियों व कर्मियों में गहरा आक्रोश दिखा। जनपद शामली और मुजफ्फरनगर में पीएनबी की संचालित करीब 85 शाखाओं में कार्यरत बैंक अधिकारी-कर्मचारियों ने कामबंद हड़ताल के साथ मंडल कार्यालय पर पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। धरनारत कर्मियों ने एकजुटता के साथ जोनल हैड को हटाने की मांग करते हुए स्पष्ट किया कि जब तक मामले में कार्यवाही नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।
पीएनबी के सरकूलर रोड पर स्थित मंडल कार्यालय पर बुधवार को आॅल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक आॅफिसर्स एसोसिएशन व पंजाब नैशनल बैंक एससीएसटी वैलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर पीएनबी जनपद मुजफ्फरनगर व शामली की समस्त शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारियों ने धरना प्रर्दशन किया। उन्होंने कहा कि इस कामबंद हड़ताल और प्रदर्शन का मुख्य कारण पीएनबी अंचल प्रबंधक मेरठ बलबीर सिंह द्वारा बैंक अधिकारी-कर्मचारियों को प्रताड़ित करने व जातिगत आधार पर उन्हें अपमानित करना है।
पीएनबी एससीएसटी वैलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष विपिन मौर्य ने बताया कि मंगलवार को बैठक के लिए मंडल कार्यालय के मुख्य प्रबंधक जिमी टिर्की और शाखा प्रबंधक कोर्ट रोड इंद्रजीत सिंह को अंचल प्रबंधक बलबीर सिंह ने अपने कार्यालय मेरठ में बुलाया और दोनों अधिकारियों को जान बूझकर करीब छह-सात घंटे तक स्टूल पर कार्यालय के बाहर दीवार की ओर बैठाने व बाद में जातिगत आधार पर इनके साथ अपशब्दों का प्रयोग कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे मंडल कार्यालय मुजफ्फरनगर व पंजाब नेशनल बैंक के समस्त शाखा अधिकारियों व कर्मचारियों को धरने पर बैठने को विवश होना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस मामले में पीएनबी के शीर्ष नेतृत्व को भी अंचल प्रबंधक बलबीर सिंह के आचरण व उनके द्वारा मुख्य प्रबंधक मंडल कार्यालय के साथ जातिगत आधार पर दुर्व्यवहार करने को लेकर अवगत कराया गया है। उनके खिलाफ कार्यवाही का आश्वासन मिला है, लेकिन यदि कार्यवाही नहीं की जाती है तो बड़ा आंदोलन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अपने सम्मान के समझौते पर कार्य नहीं किया जायेगा। विपिन मौर्य ने बताया कि कर्मचारियों के साथ रणनीति बनाकर आगे का आंदोलन किया जायेगा। आज मंडल कार्यालय के अधीन आने वाले शामली और मुजफ्फरनगर जिले की समस्त करीब 85 पीएनबी शाखाओं में कामकाज बंद रखा गया। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के एकजुटता दिखाते हुए प्रदर्शन में शामिल होने पर भी सभी का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Cricket Score
Share Market
Gold Silver Price
Rashifal