हरिद्वार (रिपोर्टर)। ज्वालापुर क्षेत्र में एक व्यक्ति का आईफोन चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजलोक कॉलोनी, रानीपुर मोड़ निवासी विजय शर्मा ने कोतवाली ज्वालापुर में दी तहरीर में बताया कि 2 जून की शाम उनका आईफोन 17 प्रो दो अज्ञात युवकों द्वारा चोरी कर लिया गया। घटना के बाद उन्होंने अपने स्तर पर मोबाइल की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पीईटी-2026 की परीक्षा अब 25, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को
लखनऊ (रिपोर्टर)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा(पीईटी)-2026 की तिथियों में बदलाव किया है। अब परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को आयोजित की जाएगी। पहले परीक्षा 23, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित थी। परीक्षा केंद्रों की सूची और सहमति पत्र की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।






