मुज़फ़्फ़रनगर (रिपोर्टर)। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार देर शाम एक युवक को गोली मार दिए जाने से सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल को तीन युवक जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। घायल की पहचान करीब 20 से 22 वर्षीय ओम पुंडीर पुत्र प्रवीण निवासी कछौली के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक को दीदाहेड़ी गांव के पास गोली मारी गई। बताया जा रहा है कि .32 बोर के हथियार से फायर किया गया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से खून के धब्बे मिलने की पुष्टि की है और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पीईटी-2026 की परीक्षा अब 25, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को
लखनऊ (रिपोर्टर)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा(पीईटी)-2026 की तिथियों में बदलाव किया है। अब परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को आयोजित की जाएगी। पहले परीक्षा 23, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित थी। परीक्षा केंद्रों की सूची और सहमति पत्र की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।






