मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। मुख्यमंत्री युवा योजना जागरूकता कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को व्यापार स्थापित करने के लिए सही मार्गदर्शन के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना है, ताकि वे अपने उद्यमिता सपनों को साकार कर सकें।
विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में संपन्न मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा बैठक में योजना के कुल लक्ष्य के सापेक्ष कम लोन स्वीकृति पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए टीम भावना से काम करने के निर्देश दिए। सरकार की योजना में प्रदेश में 1 लाख युवाओं को प्रतिवर्ष तथा 10 वर्ष में कुल 10 लाख युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इस योजना में युवाओं की आयु 21 से 40 वर्ष, न्यूनतम 8वीं पास की शैक्षणिक योग्यता तथा मान्यता प्राप्त संस्थान से कौशल प्रशिक्षण प्रमाण पत्र होना जरुरी है। योजना की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने बैंक आॅफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, बैंक आॅफ इंडिया के इस योजना के उदासीन रवैये पर रोष व्यक्त किया। बैठक में शाखा प्रबंधकों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए चेताया।



