मुजफ्फरनगर। उत्तर भारत की सबसे बड़ी एवं ऐतिहासिक धार्मिक यात्राओं में शुमार कांवड़ मेले को निर्विघ्न व शांतिपूर्ण संपन्न कराने की दिशा में शुरू तैयारियों के बीच गुरूवार को पश्चिमांचल विद्युत वितरण खंड की प्रबंध निदेशक आईएएस ईशा दुहन ने मेरठ से उत्तराखण्ड बार्डर तक कांवड़ यात्राकी सभी तैयारियों का जायजा लिया। एमडी ने नेशनल हाइवे उत्तराखंड बार्डर पुरकाजी में निरीक्षण के दौरान विद्युत पोलों पर 08 फीट तक पन्नी से कवर किए जाने, लाईन क्रासिंग और गार्डिंग आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने टेस्टर से पोल में स्वयं करंट लीकेज की जांच की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होेगी। बाद में उन्होंने विकास भवन में अधिकारियों की बैठक ली।
प्रबन्ध निदेशक ईशा दुहन ने कहा कि कांवड़ यात्रा में विद्युत सुरक्षा के मद्देनजर सभी जरुरी प्रबंध किए जाने व मार्ग पर पड़ने वाले सभी विद्युत संबंधी कार्यों को पूर्ण करने के भी निर्देश दिए। एनएच-58 उत्तराखंड बार्डर के निरीक्षण करने के उपरान्त प्रबन्ध निदेशक ने पुरकाजी से भूराहेड़ी चौक से पुरकाजी की ओर जाने वाले मार्ग का मुआयना किया।


भूराहेडी चौक पुरकाजी पर प्रबन्ध निदेशक ने विद्युत ट्रांसफार्मर की फेन्सिंग, बैरिकेडिंग और विद्युत लाईनों की गार्डिंग आदि की भी जांच की। यहां बैरिकेडिंग सही न लगाये जाने पर प्रबन्ध निदेशक ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा की तैयारियों में लापरवाही बर्दास्त नहीं की जायेगी। उन्होंने मौके पर ठेकेदार को तलब करने के निर्देश दिए। एमडी ने पुरकाजी ग्राम पंचायत आॅफिस स्थित पानी की टंकी के पास विद्युत पोलों, ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग आदि का निरीक्षण करते हुए विद्युत लाईनों को ऊँचा करने एवं विद्युत व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कोई कमी न रहे, इसके निर्देश दिए। इसके बाद प्रबन्ध निदेशक फलौदा चौराहा, पुरकाजी पहुँची जहां उन्होंने मार्ग पर विद्युत पोलों पर 8 फीट ऊँचाई तक पॉलीथीन से कवर करने, विद्युत लाईनों की सैगिंग का निरीक्षण करने के साथ विद्युत सुरक्षा दृष्टि से कांवड़ मार्ग पर विद्युत लाईनों को मानकों के अनुसार ऊँचा करने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी प्रकार की कोई विद्युत दुर्घटना न हो सके। उन्होंने सभी कांवड़ शिविरों को अस्थायी संयोजन बिना किसी परेशानी के तत्काल निर्गत किये जाने के साथ इलैक्ट्रिकल सेफ्टी के मद्देनजर कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले सभी ढाबों व पंडाल आदि के संयोजनों का लोड आदि चैक किए जाने के निर्देश दिए, जिससे कोई दुर्घटना न हो। उन्होंने विद्युत अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिन मार्गों में यात्राएं या आयोजन संपन्न होंगे ऐसे मार्ग पर बिजली के खम्भों का निरीक्षण किया जाये और मुख्य मार्गों पर झूलते तार, जर्जर व टेढ़े खम्भे बदलने, पोलों को पॉलीथीन से कवर करने, खुले ट्रांसफार्मरों की फैंसिंग आदि सभी कार्यों को विद्युत सुरक्षा दृष्टिगत शीघ्र पूर्ण कर लिए जाने के निर्देश दिए। गंगनहर खतौली में एमडी ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया और कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले विद्युत पोलों व विद्युत लाईनों की जांच की। गंगनहर स्थित एक शिविर में विद्युत संयोजन न होने पर एमडी विद्युत ने अधिशासी अभियन्ता खतौली को फटकार लगायी और विद्युत सुरक्षा के चलते यहां अस्थायी संयोजन शीघ्र निर्गत कराने के भी निर्देश दिये। इस बीच उन्होंने गंगनहर स्थित ट्रांसफार्मर को चैक करते हुए आसपास सफाई न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उक्त संबंधित अधिकारियों को तमाम ट्रांसफार्मर के आसपास सफाई व्यवस्था करने के निर्देश दिये। इस दौरान एनके मिश्र, निदेशक (तकनीकी), पवन अग्रवाल मुख्य अभियन्ता मुजफ्फरनगर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहें।






