समस्या समाधान नहीं होने पर किसानों ने जताई नाराजगी

Share :

मुजफ्फरनगर। किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर बुधवार को जिला पंचायत सभागार में संपन्न किसान दिवस में इस बार किसानों और किसान नेताओं की उपस्थिति बहुत कम रही, लेकिन यहां पहुंचे किसानों ने अफसरों से आवारा पशु, बिजली की जर्जर लाइन, लाइनमैनों की लूट-खसोट एवं राजवाहों में पानी कम आने की शिकायत प्रमुखता से उठाई गई। साथ ही पूर्व में उठे मामलों में कार्यवाही नहीं होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला पंचायत सभागार में किसान दिवस आयोजित किया गया। किसान दिवस में बिजली, सिंचाई, प्रदूषण, डोलबंदी मामलों को लेकर काफी शिकायत आई। किसानों ने कहा कि खतौली व रतनपुरी क्षेत्र में रात्रि के समय बिजली बंद होने से बिजली के तार, स्टार्ट और मोटर आदि चोरी हो रहे हैं। किसानों ने कहा कि जड़ौदा गांव में एक फैक्ट्री द्वारा गांव के पानी को प्रदूषित किए जाने के कारण लोगों में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी हो रही है। कुछ किसानों ने कहा कि किसान दिवस में शिकायत दर्ज करने के बाद उनका कोई समाधान समय से नहीं हो पा रहा है। इसके साथ ही जड़ौदा गांव में एक स्कूल के पास ही विद्युत परिवर्तक लगाने को लेकर किसान नाराज दिखाई दिये और बच्चों को हादसे से बचाने के लिए परिवर्तक हटवाये जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि रात्रि में जंगल की लाइन में करंट छोड़ा जाये तो चोरी की घटनाएं कम हो जायेंगी। उन्होंने राजवाहों में पानी कम आने की शिकायत करते हुए इससे सिंचाई संबंधी परेशानियों को अफसरों के सामने रखा। रतनपुरी क्षेत्र में खेतों से जा रही विद्युत लाइन जर्जर और काफी नीचे आने की जानकारी देते हुए उसे ठीक कराने की मांग करते हुए आशंका व्यक्त की कि नहीं तो बड़ा हादसा और फसलों को नुकसान हो सकता है। किसान दिवस में इस दौरान एसपी यातायात अतुल कुमार दूबे, नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप, उप कृषि निदेशक संतोष कुमार यादव, कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया, भूमि संरक्षण अधिकारी राहुल कुमार, भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष नवीन राठी, संजीव कुमार, रविंद्र कुमार, मोहन, राज पाल, सोमपाल, रामकुमार, राज सिंह, राजू, सोमपाल सहित अन्य किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Cricket Score
Share Market
Gold Silver Price
Rashifal