मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद् की चेयरपर्सन ने सोमवार में शहर में सफाई व्यवस्था एवं निर्माण कार्यों का जायजा लेने के लिए औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गांधी कालोनी लिंक रोड पर पालिका ने करीब 55 लाख की लागत से तैयार कराई गई सीसी सड़क और नाला निर्माण कार्य को परखा तो वहां बनाए कूड़ा डलावघर का निरीक्षण करते हुए स्थानीय लोगों से संवाद करके व्यवस्था परखी। इस निरीक्षण के दौरान जल निगम की गंभीर लापरवाही सामने आने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए जल निगम के जेई को मौके पर बुला, जल निकासी अवरुद्ध करने को लेकर हिदायत दी।
पालिका परिषद् की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप सोमवार को वार्ड 41 के गांधी कालोनी लिंक रोड पहुंची, जहां उन्होंने नाला-सड़क निर्माण के साथ कूड़ा डलावघर को बंद कराकर वहां कॉम्पैक्टर लगवाए कार्यों का जायजा लिया। यहां पर उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित करते हुए पालिका द्वारा कराए कार्यों की जानकारी ली। लोगों ने सड़क, नाला निर्माण कराने के साथ ही कूड़ा डलावघर को बंद कराने के कार्य को लेकर चेयरपर्सन की सराहना की। लोगों ने बताया कि आगे का बड़ा नाला नहीं बन पा रहा है। कई महीनों से निमार्णाधीन होने से यहां पीछे जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इसे लेकर उन्होंने जेई निर्माण कपिल कुमार से जानकारी की तो पता चला कि आगे करीब 200 मीटर तक बड़ा नाला निर्माण कार्य जल निगम की नागर इकाई से कराया जाना है, इसके लिए कई बार पत्राचार कर समय से कार्य पूर्ण करने के लिए कहा, लेकिन कार्य अधर में लटका है। इस पर चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जल निगम जेई एनके पाल को मौके पर तलब किया और नाला निर्माण कार्य नहीं कराने तथा इसे लेकर जनसमस्या उत्पन्न होने पर सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि नाला निर्माण जल्द नहीं किया तो वो विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर शासन में विभागीय कार्यवाही के लिए शिकायत दर्ज करायेंगी। जल निगम जेई एनके पाल ने आश्वासन दिया कि एक माह में नाला निर्माण कार्य पूर्ण कराकर जल निकासी सुचारू हो जायेगी। वहीं उन्होंने कूड़ा डलाव घर में पोर्टेबल कॉम्पेक्टर शुरू नहीं होने को लेकर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल से जवाब मांगा और जल्द यहां कॉम्पैक्टर शुरू कराने के लिए ठेकेदार को भी मौके पर तलब करते हुए सख्त निर्देश दिये कि यहां वार्डों से आने वाले कूड़े का निस्तारण सीधे कॉम्पेक्टर में होना चाहिए। इस दौरान सभासद हिमांशु पाल, अमित पटपटिया, एई जलकल सुनील कुमार, एनएसए डॉ. अतुल कुमार, जेई निर्माण कपिल कुमार, चीफ सेनेट्री इंस्पेक्टर योगेश गोलियान के अलावा अन्य मौजूद रहे।







