मुजफ्फरनगर। नगरपालिका प्रशासन द्वारा चलाए गए स्वच्छता पखवाड़ा अभियान के तहत गुरुवार सवेरे लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का त्याग करने और स्वच्छता में सहयोगी बनने को शपथ ग्रहण कराते हुए पॉलिथिन जागरुकता कार्यक्रम के साथ साफ-सफाई कराई गई। वहीं दोपहर बाद पालिका टीम ने भगत सिंह रोड पर प्लास्टिक विरोधी अभियान के बीच प्रतिबंधित पॉलीथिन बेचने वाले तीन दुकानों पर साढ़े छह हजार जुर्माना करते हुए रकम वसूली। दूसरी ओर पालिका टीम ने क्षेत्र में अतिक्रमण करने वाले तीन व्यापारियों को चेतावनी के साथ 3 हजार जुर्माना किया गया। टीम की कार्रवाई से क्षेत्र में घंटों तक हड़कंप मचा रहा।
चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के निर्देशन में पालिका के अधिकारी और कर्मचारी सड़कों पर लोगों को जागरुक करने के साथ क्षेत्र को क्लीन बनाने की दिशा में जुटी है। पालिका ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा 2024 कार्यक्रम के अन्तर्गत क्षेत्र में जनजागरण व छापामार अभियान चलाया गया है। गुरुवार सवेरे नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल कुमार के नेतृत्व में स्थानीय रेलवे स्टेशन व रोडवेज बस स्टैंड पर वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाया, जिसमें पालिका टीम ने आम जनमानस ने साफ सफाई के लिए श्रमदान किया। साथ ही व्यापारियों और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर शिव चौक और तुलसी पार्क में स्वच्छता शपथ ग्रहण कराई गई, लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक को त्यागने व स्वच्छता में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया। वहीं तहसील मार्किट में भी दुकानदारों को कूड़ा करकट न फैलाने और अभियान में सहयोग के प्रति प्रेरित किया। एसबीएम डीपीएम सुशील कुमार ने नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज में स्टाफ व छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए उन्हें अपने घर, मौहल्ले व नगर को स्वच्छ बनाने को जागरूक किया। अभियान में व्यापारी नेता कृष्ण गोपाल मित्तल, राकेश त्यागी, स. बलविन्दर सिंह सल, स. बलजीत सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अतुल कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक योगेश कुमार, सफाई निरीक्षक प्लाक्षा मैनवाल, एसबीएम लिपिक आकाश दीप, आईटीसी सुनहरा कल से दीपक सैनी, एमआईटूसी कंपनी के कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।
दोपहर बाद में टीएस नरेश शिवालिया के नेतृत्व में भगत सिंह रोड पर प्लास्टिक-पॉलीथिन के विरुद्ध छापामार अभियान चलाया गया। इस बीच शिवचौक से शामली बस स्टैण्ड तक टीम ने व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश देने के साथ सड़क पर अवैध रूप से अतिक्रमण आरोपी 3 व्यापारियों से तीन हजार रुपये जुर्माना मौके पर वसूलते हुए उन्हें चेतावनी दी गई। इसके साथ तीन दुकानदारों के यहां पर प्रतिबंधित पॉलीथिन की बिक्री पकड़े जाने पर डेढ़ किग्रा पॉलीथिन जब्त करते हुए साढ़े 6 हजार रुपए जुर्माना मौके पर ही वसूल किया। टीम के क्षेत्र में पहुंचते ही हड़कंप मच गया और कई दुकानदार दुकानों को बंद कर भाग गये। इस दौरान राजस्व निरीक्षक विजय कुमार, एसबीएम लिपिक आकाशदीप, बीसी विकास शर्मा, शोभित कुमार आदि मौजूद रहे।







