हरिद्वार (रिपोर्टर)। हरिद्वार पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते महाराष्ट्र से अपने परिजनों के साथ हरिद्वार आए एक किशोर को मात्र एक घंटे के भीतर सकुशल खोजकर उसके परिवार को सौंप दिया गया। महाराष्ट्र के औरंगाबाद निवासी व्यक्ति ने पुलिस से संपर्क कर बताया कि उसका 17 वर्षीय पुत्र श्रवण गायकवाड़, निवासी ग्राम शिवूर जिला औरंगाबाद (महाराष्ट्र), राजपूत धर्मशाला से बिना बताए कहीं चला गया है। बेटे के अचानक गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राजपूत धर्मशाला में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान किशोर के हर की पैड़ी क्षेत्र की ओर जाते हुए दिखाई देने पर पुलिस टीम ने तत्काल वहां पहुंचकर तलाश अभियान शुरू किया। लगातार खोजबीन के बाद पुलिस ने किशोर को सकुशल बरामद कर लिया और उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पूरी कार्रवाई सूचना मिलने के करीब एक घंटे के भीतर पूरी कर ली गई। अपने पुत्र के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उसकी कार्यशैली और तत्परता की जमकर सराहना की। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की संवेदनशीलता और सक्रियता की प्रशंसा की।

पीईटी-2026 की परीक्षा अब 25, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को
लखनऊ (रिपोर्टर)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा(पीईटी)-2026 की तिथियों में बदलाव किया है। अब परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को आयोजित की जाएगी। पहले परीक्षा 23, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित थी। परीक्षा केंद्रों की सूची और सहमति पत्र की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।






