मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। जनपद मुजफ्फरनगर के जिला महिला चिकित्सालय में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका महिला चिकित्सालय डॉ. आभा आत्रे के द्वारा किया गया। इस अवसर पर चिकित्सालय के सभी चिकित्सकों एवं स्टाफ कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया। योगाभ्यास कार्यक्रम योगाचार्य योगेश कुमार के नेतृत्व में कराया गया, जिसमें उपस्थित सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. आभा आत्रे के द्वारा बताया गया कि योग हमारे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है तथा तनाव से भी मुक्ति मिलती है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है, जो शरीर और मन में संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने सभी को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ महिला चिकित्सक डॉ. मुरली भास्कर, डॉ. प्रीति गर्ग सहित चिकित्सालय के अन्य चिकित्सक एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संकल्प लिया।

पीईटी-2026 की परीक्षा अब 25, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को
लखनऊ (रिपोर्टर)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा(पीईटी)-2026 की तिथियों में बदलाव किया है। अब परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को आयोजित की जाएगी। पहले परीक्षा 23, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित थी। परीक्षा केंद्रों की सूची और सहमति पत्र की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।






