मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों ने योगाभ्यास किया। विद्यालय में कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य डॉ अखिलेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ शिक्षक महेश कुमार एवं योगा शिक्षिका अपर्णा चिकारा ने मां शारदे के सम्मुख दीप प्रज्वलन के साथ किया। तत्पश्चात विद्यालय के योग शिक्षिका अपर्णा चिकारा ने विद्यालय की छात्राओं वर्तिका, उर्विका, दृष्टि एवं मिष्टी के साथ विभिन्न योगासनों ताड़ासन, धनुरासन, शीर्षासन, गरुड़ासन, भुजंगासन, मयूर आसन, उत्कट आसन, चक्रासन, शवासन आदि के साथ-साथ विभिन्न प्राणायाम अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, कपालभाती व ध्यान आदि का भी योगाभ्यास कराया।उन्होंने इन सभी आसनों से होने वाले शारीरिक व मानसिक लाभ को भी विस्तार से समझाया। योग शिक्षिका अपर्णा चिकारा के नेतृत्व में विद्यालय के शिक्षकों तथा छात्रों ने योगाभ्यास किया।
प्रधानाचार्य डॉ अखिलेश कुमार शर्मा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का एक अमूल्य उपहार है। योग मन, मस्तिष्क एवं शरीर का एक अभ्यास है। वर्तमान में तनाव भरी जिंदगी में योग एवं ध्यान से मानसिक तनाव को दूर किया जा सकता है। इससे मन की एकाग्रता एवं धारण शक्ति बढती है। अतः हम सभी अपने जीवन में योग एवं ध्यान को नियमित रूप से अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं व योग को जीवन में अवश्य अपनाएं। योग कार्यक्रम का संचालन अपर्णा चिकारा ने किया। कार्यक्रम में समस्त शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।

पीईटी-2026 की परीक्षा अब 25, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को
लखनऊ (रिपोर्टर)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा(पीईटी)-2026 की तिथियों में बदलाव किया है। अब परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को आयोजित की जाएगी। पहले परीक्षा 23, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित थी। परीक्षा केंद्रों की सूची और सहमति पत्र की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।






