हरिद्वार (रिपोर्टर)। शुक्रवार को मॉरीशस, फ्रांस, यूके से आए हिंदू तीर्थ यात्रीयों का जत्था चारधाम यात्रा के लिए रवाना हुआ। ओवरसीज हॉलीडे टूर्स इंडिया के तत्वाधान में पूर्व राज्य मंत्री एवं नैनीताल पर्यटन परिवहन विकास सहकारी संघ के अध्यक्ष ललित पंत, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग परिषद के जिला अध्यक्ष जगदीश लाल पाहवा, दिवाकर गुप्ता एवं स्वामिनी वेद आत्मानंद सरस्वती ने मंत्रोच्चारण के बीच विदेशी पर्यटकों को चारधाम यात्रा पर रवाना किया। इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री ललित पंत ने कहा कि ओवरसीज हॉलीडे टूर्स इंडिया और उसके संचालक शंकर जोशी देश विदेश में रहने वाले हिंदू सनातन धर्मियों को चारधाम यात्रा कराने के लिए बधाई के पात्र हैं। स्वामिनी वेद आत्मानंद सरस्वती ने कहा कि मॉरीशस की रिया सुभाष के संयोजन में चारधाम के दर्शन पर रवाना हुए सभी श्रद्धालु सनातन हिंदू धर्म के ध्वजवाहक हैं। यात्रीयों के जत्थे में रवि, विमल, प्रकाश, शिवम, चित्रा, हिमांशी, कमल जोशी, हर्षित जोशी, गौरव सहित 47 यात्री शामिल हैं। भूपतवाला स्थित जैन मंदिर के निकट सभी श्रद्धालु यात्रियों का कमल पंत, संजय वर्मा, दिवाकर गुप्ता और होटल ब्रिंजल के स्टाफ ने स्वागत किया।

पीईटी-2026 की परीक्षा अब 25, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को
लखनऊ (रिपोर्टर)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा(पीईटी)-2026 की तिथियों में बदलाव किया है। अब परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को आयोजित की जाएगी। पहले परीक्षा 23, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित थी। परीक्षा केंद्रों की सूची और सहमति पत्र की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।






