मुजफ्फरनगर। मेरठ रोड स्थित नुमाइश ग्राउंड में लगने वाले मंगल बाजार का ठेका इस वर्ष 1 करोड़ 64 लाख 50 हजार रुपये में छोड़ा गया है। यह ठेका कलेक्ट्रेट परिसर स्थित चौधरी चरण सिंह सभागार में हुई बोली प्रक्रिया के दौरान दिया गया, जिसकी निगरानी सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप के नेतृत्व में गठित कमेटी ने की।
पिछले वर्ष मंगल बाजार का ठेका लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपये में छोड़ा गया था। इस बार ठेके की राशि में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है, जिससे ज़िले को लाखों रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ है। ठेका MIQ कंपनी को मिला है, जिसके मालिक मोहम्मद सलमान ने बताया कि जीएसटी सहित लगभग 2 करोड़ रुपये शासन को जमा किए जाएंगे।
इन्होंने कहा
सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि टेंडर प्रक्रिया के अंतर्गत दो फॉर्म बिके थे और दोनों की ओर से बोली लगाई गई। इनमें सर्वाधिक बोली MIQ कंपनी ने लगाई, जिसके आधार पर उसे ठेका सौंपा गया। उन्होंने बताया कि जीएसटी की राशि ठेके की रकम से अतिरिक्त देनी होगी।





