सुधरे नहीं हालात, फिर पालिका में लाइटों का टेंडर हुआ निरस्त

Share :

मुजफ्फरनगर। नगरीय क्षेत्र में पथ प्रकाश की स्थिति में सुधार की दिशा में आगे बढ़ती नगर पालिका के पथ में नित नए कांटे बिना वजह ही उगने के क्रम में थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिम्मेदारों की उपेक्षा के चलते पालिका में निर्माण कार्य हो या फिर मार्ग प्रकाश के कार्य, पहली बार में कोई टैंडर नहीं हो पा रहा है। ऐसे हालातों से पालिका को आर्थिक हानि होने के साथ फजीहते बढ़ती जा रही है। पूर्व में जिम्मेदारों की अनदेखी से नगर क्षेत्र में कई पार्किंग ठेके वर्षों से नहीं छोड़े गए। वहीं अन्य टैंडरों में गड़बड़झाला रोजमर्रा का काम हो चला है। पालिका में अब मार्ग प्रकाश का टेंडर निरस्त हो जाने से फिर व्यवस्था पर सवाल खडेÞ हो रहे हैं, जिसका जवाब किसी के पास नहीं है।
नगर पालिका क्षेत्र के तमाम 55 वार्डों को एलईडी लाइटों से जगमग करने की कवायदों में जुटी नगरपालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप को पालिका अधिकारियों के साथ अन्य जिम्मेदार पलीता लगाने में लगे हैं। ऐसे हालातों के बीच इस बार फिर 45 वॉट की करीब 3 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइट खरीदने के लिए जो टैंडर निकाला था, वो अब निरस्त हो चुका है। पथ प्रकाश के लिए खरीदी जाने वाली एलईडी स्ट्रीट लाईटों के लिए इस बार किसी भी फर्म द्वारा कोई निविदा ही नहीं डाली गई, जिस कारण उक्त टैंडर फिर से निरस्त हो गया। अब नगर पालिका द्वारा रि-टेंडर निकाला जाएगा। शहरी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर एलईडी लाईटें खराब पड़ी हुई है। ऐसे में नगर क्षेत्र के साथ पालिका में जुड़े ग्रामीण क्षेत्र के तमाम 55 वार्डों में खराब पड़ी एलईडी स्ट्रीट लाइटों को लेकर बुरा हाल है। वहीं नव विस्तारित क्षेत्र में एलईडी लाइटों का अभाव बना हुआ है। पालिका के मार्ग प्रकाश विभाग में आए दिन लोगों के साथ वार्ड सभासदों की इन खराब लाइटों की शिकायतें आती रहती है। हालांकि पालिका के द्वारा खराब लाइटों को सही कराने के लिए अलग से कर्मचारियों को रखने के साथ ठीक करने में जुटी हुई है। इसके चलते तय रोस्टर के अनुसार कर्मचारियों द्वारा वार्डों में जाकर खराब लाइटों को सही किया जा रहा है। नगर पालिका का क्षेत्र बड़ा होने के कारण उक्त कर्मचारियों की संख्या कम पड़ रही है। तमाम फजीहतों के बीच इस बार पालिका प्रशासन की ओर से 45 वॉट की तीन हजार एलईडी स्ट्रीट लाइट खरीदने के लिए टेंडर निकाला गया था। इस दौरान किसी फर्म की कोई निविदा नहीं आयी है। जिस कारण टेंडर निरस्त कर दिया गया है। अब फिर से नगर पालिका द्वारा तीन हजार लाइट खरीदने के लिए रि-टेंडर निकाला जाएगा। जिसकी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Cricket Score
Share Market
Gold Silver Price
Rashifal