एनजीओ के बूते होगा अब पालिका के शौचालयों का संचालन

Share :

मुजफ्फरनगर। नगर क्षेत्र में बाजारों के साथ सार्वजनिक पार्क एवं स्थानों पर लोगों को जनसुविधा उपलब्ध कराने को निर्मित शौचालयों की दयनीय हालत में सुधार की खातिर पालिका प्रशासन ने नया प्रयोग करने की कवायद शुरू की है। ऐसे में शौचालयों की तस्वीर को संवारने व बेहतर सुविधा देने के लिए नई पहल की है। शहरी क्षेत्र में पालिका अपने सभी शौचालयों की देखरेख व संचालन एनजीओ को सौंपने जा रही है। इसके लिए ईओ के प्रस्ताव को चेयरपर्सन ने अपनी अनुमति प्रदान कर दी है। अब सदन में प्रस्ताव को रख कार्य में सुधार किए जाने की कवायद तेज होगी।
नगरपालिका परिषद् नगरीय क्षेत्र में लोगों को जन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 26 स्थानों पर सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराते हुए उनका संचालन अपने स्तर से कर रही है। इनमें अधिकांश शौचालय गंदगी व असुविधा से लबालब हैं। यहां तक की कम्पनी बाग में आने वाले मॅर्र्निंग वॉकर्स व अन्य लोगों के लिए तीन शौचालयों का निर्माण कराने के बाद भी सभी शौचालय बदहाल अवस्था में हैं। इसके अलावा शिवचौक, भगत सिंह रोड, झांसी की रानी समेत अन्य स्थानों पर बनाए शौचालयों का सही रखरखाव नहीं होने के कारण ये फजीहतों का कारक बने हैं और गन्दगी यहां पर लोगों की परेशानी का सबब बन चुकी है। पालिका प्रशासन ने इनकी देखरेख और रखरखाव के लिए कई बार प्रयास करते हुए कर्मियों को भी लगाया, लेकिन कर्मियों की लापरवाही से यह शौचालय अव्यवस्था की भेंट चढ़े हुए हैं।
नगरीय क्षेत्र में पालिका की हो रही फजीहत के बीच में अब इन शौचालयों की दशा सुधारने के लिए नगरपालिका परिषद् की ओर से नई पहल शुरू की गई है। पालिका ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने नगरीय क्षेत्र के कम्पनी बाग के तीनों शौचालयों समेत सभी 26 सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों के बेहतर रखरखाव के लिए इन्हें गैर सरकारी संगठन एनजीओ को सौंपने की कवायद की है। इसके लिए स्वच्छ समाज फाउंडेशन लखनऊ एनजीओ के प्रस्ताव को ईओ ने आगे बढ़ाया है। एनजीओ ने इन शौचालयों का संचालन बिना लेनदेन करने की इच्छा जाहिर करते हुए अपना प्रस्ताव दिया है। एनजीओ सभी शौचालयों पर अपने कर्मचारी तैनात करने के साथ देखरेख तथा रखरखाव की जिम्मेदारी के लिए तैयार है। एनजीओ नियमानुसार इसके लिए यूजर चार्ज तय करेगी, जो भी यूजर चार्ज प्राप्त होगा वो सारी धनराशि एनजीओ को रखने का भी अधिकार होगा, ताकि उससे एनजीओ अपने कर्मियों का वेतन व दूसरे वित्तीय जरुरत पूर्ण कर सके।

इन्होंने कहा-
ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में संचालित सभी शौचालयों के लिए एनजीओ का प्रस्ताव चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप को भेजा है। उनके द्वारा इसको स्वीकार करते हुए बोर्ड बैठक में रखने के लिए आदेशित किया है। इसमें नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल कुमार से नगरीय क्षेत्र में सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों की लिस्ट मांगी गयी है ताकि सभी को सूचीबद्ध करते हुए एनजीओ को दिया जा सके। उन्होंने बताया कि अभी पालिका अपने कर्मचारी लगाकर इनकी देखरेख करा रही है, एनजीओ को यदि कार्य दिया जाता है तो बिना खर्च के इन शौचालयों का बेहतर संचालन हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Cricket Score
Share Market
Gold Silver Price
Rashifal