मुजफ्फरनगर। टाउनहाल प्रांगण में नगर पालिका परिषद की बिल्ंिडग में किराए पर लिए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के विद्युत वितरण नगरीय खण्ड प्रथम के अधिशासी अधिकारी कार्यालय पर पालिका प्रशासन ने 18 करोड़ रुपए के बकाए का नोटिस भेजा है। इसके साथ पालिका की भूमि पर शहरी क्षेत्र में नगरीय खंड के अंतर्गत चल रहे 10 बिजलीघरों से गृह और जलकर के रूप में टैक्स भी पालिका को नहीं दिया गया है। इसे लेकर अब पालिका प्रशासन ने विद्युत विभाग से यह बकाया टैक्स जमा कराने के लिए नोटिस जारी किया है। इसमें एक वित्तीय वर्ष में विद्युत विभाग को नगर पालिका ने 73,34,420 रुपए का बकायादार बनाया है और 31 मार्च 2025 तक नगरीय खण्ड कार्यालय और विद्युत सब स्टेशनों पर बकाया तय करते हुए उक्त धनराशि को जमा कराने के लिए एक सप्ताह में एक्सईएन नगरीय खंड डीसी शर्मा से जवाब तलब किया है। नोटिस टाउनहाल स्थित एक्सईएन कार्यालय को पालिका ने उपलब्ध कराया तो विभाग में हलचल मच गई है।
नगरपालिका के टैक्स विभाग की ओर से नगर क्षेत्र में बकाया राजस्व वसूली के लिए अभियान छेड़ते हुए अब बड़े बकाएदारों को निशाने पर लिया है, इसी कड़ी में विद्युत विभाग को कर निर्धारण अधिकारी दिनेश यादव की ओर से विद्युत वितरण नगरीय खण्ड प्रथम के एक्सईएन को नोटिस भेजा है, जिसमें टाउनहाल दफ्तर पर किराये के रूप में पालिका का 4 करोड़ 39 लाख 49 हजार 829 रुपये बकाया जमा कराने के लिए कहा है। वहीं इस खण्ड के अन्तर्गत आने वाले शहरी क्षेत्र के बिजलीघरों जनकपुरी विद्युत सब स्टेशन पर 3,66,99,120 रुपए, रामलीला टिल्ला विद्युत सब स्टेशन पर 66,46,268 रुपए, गऊशाला विद्युत सब स्टेशन पर 38,86,152 रुपए, गांधी कॉलोनी विद्युत सब स्टेशन पर 27,96,768 रुपए, सिविल लाइन दक्षिणी विद्युत सब स्टेशन पर 1,51,890 रुपए, लद्दावाला जिला अस्पताल विद्युत सब स्टेशन पर 33,29,728 रुपए, विद्युत स्टेशन नं. 2503 सिविल लाइन पर 19,49,314 रुपए, आर्यपुरी विद्युत सब स्टेशन पर 30,64,612 रुपए, विद्युत सब स्टेशन नं. 2501 सिविल लाइन दक्षिणी पर 24,39,204 रुपए व पटेलनगर मंडी समिति विद्युत सब स्टेशन पर 06,42,04,536 रुपए का टैक्स बकाया होने के कारण यह रकम जमा कराने के लिए कहा है। पालिका प्रशासन ने टाउनहाल कार्यालय और दस बिजलीघरों पर किराया व टैक्स के रूप में 17 करोड़ 91 लाख 17 हजार 421 रुपए के बकाया की मांग विद्युत विभाग से की गई है।
पालिका को 48 वर्षों से नहीं दिया विद्युत विभाग ने किराया
मुजफ्फरनगर। पालिका की टाउनहाल बिल्डिंग में विद्युत विभाग का कार्यालय वर्ष 1976 से पालिका से किराया अनुबंध के तहत चल रहा है, लेकिन किराया अनुबंध होने के बाद से आज तक विद्युत विभाग ने एक्सईएन नगरीय खण्ड प्रथम कार्यालय का कोई भुगतान पालिका को नहीं किया है। इन बीते 48 वर्षों में पालिका ने कई बार विद्युत विभाग से बकाया किराया मांगा, लेकिन हर बार राजनीतिक दबाव में ठंडे बस्ते में चला गया। इस बार फिर यह कवायद शुरू की गई है।
कर निर्धारण अधिकारी दिनेश यादव द्वारा जारी नोटिस में इसका उल्लेख किया है। इसके अनुसार टाउनहाल बिल्डिंग में चलाये जा रहे किराये का भुगतान पालिका को विद्युत विभाग ने वर्ष 1976 से ही नहीं किया है। इसके साथ नगर क्षेत्र में चल रहे बिजलीघरों में से किसी भी सम्पत्ति के लिए विद्युत विभाग ने कभी गृह या जलकर पालिका में भुगतान नहीं किया है। कर विभाग ने विद्युत विभाग से बकाया भुगतान मांगते हुए स्पष्ट किया कि यदि बकाया राशि विद्युत विभाग समायोजित कराना चाहता है तो इसकी लिखित सहमति एक सप्ताह में उपलब्ध कराये ताकि समायोजन की कार्यवाही को पूर्ण कराई जा सके।






