मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के हजारों संविदा चालकों-परिचालकों के लिए यह बड़ी खुशखबरी है। इसके चलते संविदा ड्राइवर-कंडक्टर के भत्ते में परिवहन निगम ने बढ़ोतरी कर दी है। परिवहन निगम की तरफ से वेतन बढ़ाने का आदेश बीती एक जनवरी 2025 से प्रभावी होगा। इस आदेश के प्रभावी होने पर वर्तमान में प्राप्त हो रहे रुपए 1.89 प्रति किमी के बजाय संविदा चालकों को अब रुपए 2.06 प्रति किमी व संविदा परिचालकों को 2.02 प्रति किमी की दर से भुगतान किया जाएगा।
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से जारी आदेश पर उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ सहारनपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री अनुज त्यागी ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे सार्थक पहल बताते हुए आगे वेतन में बढ़ोतरी के प्रयास जारी रखने की बात की। उन्होंने बताया कि इस आदेश में जहां संविदा चालकों के पारिश्रमिक में 17 पैसे प्रति किमी और संविदा परिचालकों के पारिश्रमिक में 13 पैसे प्रति किमी की वृद्धि की गई है। इसके अलावा उत्कृष्ट व उत्तम श्रेणी के चालकों और परिचालकों के पारिश्रमिक में क्रमश: नौ फीसदी व 7 फीसदी की वृद्धि का आदेश भी जारी किया है, जिससे लगभग 28,000 संविदा चालकों और परिचालकों को लाभ होगा।
उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ सहारनपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री अनुज त्यागी का कहना है कि संविदा चालकों व परिचालकों की पारिश्रमिक की दरें समान रही हैं, लेकिन इस आदेश में दोनों के पारिश्रमिक में हुई भिन्नता से संविदा परिचालक थोड़ा असंतुष्ट हैं। उन्होंने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मांग की कि एनसीआर क्षेत्र और उपनगरीय डिपो के संविदा चालकों और परिचालकों के पारिश्रमिक में भी वृद्धि की जाए। उन्होंने बताया कि यूपी रोडवेज कर्मचारी संघ के आंदोलन के नोटिस पर संविदा कर्मियों के वेतन की बढ़ोतरी के विषय में समझौता हुआ था इस समझौते के अंतर्गत शुक्रवार को संविदा कर्मियों की वेतन वृद्धि का आदेश निर्गत हुआ।






