मुजफ्फरनगर। सर्द हवाओं की दस्तक के बीच जनपद में शुरू हुई रबी की फसलों की बुवाई के दौरान अन्नदाताओं को बेहतर बीज, दवा और उर्वरकों की उपलब्धता की खातिर गुरूवार को जिले के कृषि विभाग के अधिकारियों ने नगर क्षेत्र में कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। कोर्ट रोड पर एक साथ गाड़ियों में पहुंचे विभागीय अधिकारियों ने दो गेहूं के बीज और एक पेस्टीसाइड का नमूना जब्त करते हुए जिला प्रशासन की सख्ती के संकेत दिए। कृषि विभाग के अधिकारियों की टीम को देख कई दुकानदार अपनी दुकान बंद कर गायब हो गए।
गुरूवार को नगर के कोर्ट रोड पर जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया एवं जिला कृषि रक्षा अधिकारी यतेन्द्र सिंह के नेतृत्व में बीज व पेस्टीसाइड की दुकानों पर छापेमारी की गई। टीम द्वारा की गई कार्रवाई से क्षेत्र में काफी देर तक हड़कंप सा मचा रहा। इस बीच टीम ने कोर्ट रोड सिथत पंजाब बीज भंडार व वहेला बीज स्टोर से गेहूं के बीज के नमूनों को जब्त करते हुए उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। वहीं दूसरी ओर कोर्ट रोड स्थित मलिक एग्रो सैंटर से टीम ने इस दौरान एक पेस्टीसाइड का नमूना जब्त करते हुए जांच के लिए लेते हुए प्रयोगशाला को भेजा। अधिकारियों ने बताया कि उक्त नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही तय होगा कि नमूने सही हैं या नहीं। अगर नमूने फेल हुए तो संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।






