मुजफ्फरनगर। नववर्ष के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सा स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए नवीन अनोखी पहल की शुरूआत की, जिसके तहत हर माह अधिकारी व कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि जिले में नौ ब्लॉक हैं तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में कार्यरत अधिकारी व कर्मचारियों में से किसी एक को प्रत्येक माह अब सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सम्मानित किए जाने का मुख्य आधार एबीसी पर आधारित होगा जिसमें ए का मतलब एविलेबिलिटी से, बी का मतलब होगा बिहेविवियर से, और सी का मतलब कैपाबिलिटी, जो भी अधिकारी या कर्मचारी ससमय अपनी ड्यूटी अच्छे से निभाएगा, जिसका सबके साथ में अच्छा व्यवहार होगा और जिसकी कार्य करने की क्षमता सबसे अच्छी होगी, प्रत्येक माह ऐसे किसी भी एक अधिकारी या कर्मचारी को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान प्रत्येक नौ ब्लॉक से एक व्यक्ति तथा एक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऐसा करने से जो लोग पहले से अच्छा काम कर रहे हैं वे लोग सम्मानित होकर ओर अधिक प्रेरित होंगे। वहीं जिन लोगों की कार्यशैली व व्यवहार में कमी है वे अन्य लोगों से प्रेरित होकर उसे सुधारने का प्रयास करेंगे जिसके परिणाम स्वरूप जिले का स्वास्थ्य विभाग आम जनमानस को और अधिक उत्साह, लगन, समर्पण, सद् व्यवहार और कार्यशैली में और अधिक गुणवत्ता के साथ सुविधा प्रदान कर सकेंगे।






