मुजफ्फरनगर। क्रांति सेना कार्यकर्ताओं ने गौशाला में गौकशी मामले पर रोष व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। बधाई कलां गांव में हुई गोकशी की घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए गुरूवार को एसपी सिटी को ज्ञापन सौंपते हुए क्रांति सेना पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले कुछ समय से गौशाला संचालकों पर लग रहे गौ तस्करी के आरोप गंभीर मामला है, यदि यह आरोप सही हैं, तो आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बड़ी आवश्यकता है।
क्रांति सेना के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिटी सत्य नारायण से मिलकर इस प्रकार की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पूर्व शिवम हॉस्पिटल के सामने चल रही गौशाला के संचालक अनिल शर्मा को भी गौ तस्करी मामले में पुलिस द्वारा जेल भेजा जा चुका है। क्रांति सेना ने गौ तस्करी में लिप्त हिंदुओं को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि ऐसे लोगों को कड़ा सबक सिखाया जाएगा। इससे पूर्व क्रांति सेना पदाधिकारियों ने पार्टी कार्यालय पर गुरू गोविंद सिंह और उनके चार पुत्रों के बलिदान दिवस पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गुरू गोविंद सिंह व उनके पुत्रों ने अपना बलिदान दे दिया, लेकिन इस्लाम धर्म नहीं अपनाया लेकिन आज कुछ तथाकथित हिंदू पीर मजारों व गिरजाघर में अपना माथा फोड़ रहे हैं। उन्होंने ऐसे हिंदुओं को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें क्रांतिकारियों व हिंदू धर्म के लिए कार्य करने वाले गुरू गोविंद सिंह और उनके बच्चों के बलिदान को याद रखना चाहिए। इस दौरान मंडलाध्यक्ष शरद कपूर, शिवसेना जिलाध्यक्ष आनंद प्रकाश गोयल, महानगर अध्यक्ष देवेंद्र चौहान, उपाध्यक्ष संजीव वर्मा, मंगतराम सोनकर, आदित्य कश्यप, राजेश अरोड़ा, उज्ज्वल पंडित, शैलेंद्र विश्वकर्मा, दीपक प्रजापति, रितिक कुमार, राजेंद्र तायल आदि उपस्थित रहे।






