मुजफ्फरनगर। देश-प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे पर्यावरण असंतुलन व गंगा की स्वच्छता जागरूकता को ले कर गुरूवार को विकास भवन सभागार में डीएम उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनपद मुजफ्फरनगर के प्रमुख मुद्दों पर अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
विकास भवन सभागार में संपन्न बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम उमेश मिश्रा ने जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की बैठक में शुक्रतीर्थ में गंगा घाट एवं परिक्रमा पथ को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। वहीं उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अंकित सिंह को निर्देशित किया कि जिले में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सभी अधिकारियों से निरंतर बैठक कर अनुपालन करने के लिए कार्य योजना पर काम किया जाए। उन्होंने काली नदी एवं हिंडन नदी में गिरने वाले नालों की सफाई के लिए नगर निकायों, जल निगम, सिंचाई विभाग एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को भी निर्देशित किया। डीएम उमेश मिश्रा ने शुक्रतीर्थ एवं हैदरपुर वेटलैण्ड में विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया। इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग कन्हैया पटेल, उप कृषि निदेश (प्रसार) संतोष कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अंकित सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।

गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंज उठा नई मंडी क्षेत्र
मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। श्री सिद्धि विनायक गणेश जन्मोत्सव समिति द्वारा हर वर्ष की भाती इस वर्ष भी 20 वाँ श्री गणेश जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम और हर्षौल्लास के साथ मुजफ्फरनगर में नई मंडी की वकील रोड पर स्थित बड़ी धर्मशाला में 14 सितंबर 2026 दिन सोमवार से 22 सितंबर 2026 दिन मंगलवार तक मनाया जा रहा हैं।






