मुजफ्फरनगर। नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज का आने वाले दिनों में नाम बदलकर महाराजा अग्रसेन नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज किए जाने को लेकर मंत्री कपिल देव ने पालिका चेयरपर्सन से वार्ता की। शहर में स्थित नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज की वर्तमान स्थिति जर्जर अवस्था में है और यहां विज्ञान, कॉमर्स आदि विषयों के पढ़ाने के लिए शिक्षण-कक्ष, हाल की समुचित व्यवस्था नहीं है। शहर और आसपास की गरीब परिवार की बालिकाएं यहां पढ़ने आती हैं।
नगर विधायक व मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इस इंटर कॉलेज का नाम बदलने के लिए पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप से वार्ता कर बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास कर शासन को भेजने का आग्रह किया है। मंत्री कपिल देव ने कहा कि यदि नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज का नाम परिवर्तित करते हुए महाराजा अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज कर दिया जाता है, तो यहां समाज के सहयोग से जरुरत के अनुसार शिक्षण कक्ष, हाल, कमरेआदि निर्माण कराया जा सकता है। इससे इस कॉलेज का जीर्णाेद्धार हो सकेगा और क्षेत्र में बालिकाओं को उच्च गुणवत्ता व सुविधाजनक शिक्षा प्राप्त हो सकेगी। मंत्री कपिल देव ने कहा कि नगरपालिका की बोर्ड बैठक में स्वीकृति मिलने के बाद कॉलेज का नाम बदले जाने के संबंध में शासन स्तर से आगे कार्यवाही कराई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि पालिका बोर्ड की स्वीकृति से लेकर कॉलेज के नामकरण तक की शीघ्र कार्यवाही के लिए वे निरंतर प्रयास कर रहे हैं।






