मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना तहसील क्षेत्र के ग्राम कुरावा निवासी अजब सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित डीएम दरबार में पहुुंच विभागीय कर्मचारियों पर उदासीनता बरतने के आरोप लगाते हुए पेंशन दिलाए जाने की अधिकारियों से गुहार लगाई। कलेक्ट्रेट पहुंचे दिव्यांग अजब सिंह ने आरोप लगाया कि विकास भवन स्थित दिव्यांगजन विभाग के कर्मी उसकी समस्या का समाधान करने के बजाए आए दिन इधर से उधर भटका रहे हैं, जिससे उसके सामने आर्थिक रूप से तंगी बढ़ती जा रही है। उसका कहना है कि जुलाई माह के बाद से उसकी दूसरी किस्त बैंक खाते में नहीं आई है, जबकि वह बैंक के साथ विभाग में बीते 10 दिनों से चक्कर काट रहा है।
सोमवार को अपनी शिकायत लेकर डीएम दरबार पहुंचे बढ़ाना के ग्राम कुरावा निवासी अजस सिंह ने आरोप लगाया कि सत्यापन के लिए कर्मचारियों की ओर से कई बार आने के बाद कोई भी सही जवाब न देकर उसे टरका दिया जाता है, ऐसे में उसे यहां तक आने-जाने के लिए दूसरों के आगे हाथ फैलाने पड़ते है, पर उसके बाद भी उसकी पेंशन नहीं मिल पा रही है जिससे उसकी दवाई, खाने व किराए आदि के खर्चों के लिए भी पड़ोसियों और रिश्तेदारों के रहमो करम पर निर्भर होना पड़ रहा है। उसका कहना है कि कई बार केवाईसी के नाम पर आधारकार्ड और बैंक की पास बुक की फोटो कॉपी जमा करा चुका है। इसके बाद भी उसके खाते में पेंशन नहीं आई। इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी उनकी सुध नहीं ले रहे हैं।
इन्होंने कहा-
जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी ने बताया कि बुढ़ाना तहसील के गांव कुरावा निवासी अजब सिंह पुत्र लाल्ला की पेंशन समय से पहुंच रही है। बीते माह 29 जुलाई को अजब सिंह के खाते में 3000 रुपए की किस्त जारी हुई थी, लेकिन बैंक खाता अपडेट न हो पाने के कारण अक्टूबर माह की पेंशन खाते में नहीं पहुंच सकी, जो खाते को बैंक में अपडेट कराने के बाद में जारी हो जाएगी।






